अमेठी में नामांकन बढ़ाने को निकली जन जागरुकता रैली, बच्चों ने दिया स्कूल चलो का संदेश

अमेठी में परिषदीय विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने और सरकारी स्कूलों में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं के प्रति अभिभावकों को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को जिला मुख्यालय पर जन जागरुकता रैली निकाली गई। रैली में प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रनजय इंटर कॉलेज समेत विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का शुभारंभ जिला मुख्यालय से हुआ और यह नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। अंत में हनुमान तिराहा स्थित परिषदीय विद्यालय परिसर में इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग में बच्चों ने शिsक्षा से जुड़े प्रेरक नारे लगाकर लोगों को विद्यालयों में बच्चों का प्रवेश कराने, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व का संदेश दिया। विद्यार्थियों के हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां भी थीं, जिनके माध्यम से परिषदीय विद्यालयों में संचालित सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी दी गई। रैली के दौरान अधिकारियों ने अभिभावकों से अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराने की अपील की। उनका कहना था कि परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनका लाभ हर बच्चे तक पहुंचना चाहिए। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 06, 2026, 09:25 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


अमेठी में नामांकन बढ़ाने को निकली जन जागरुकता रैली, बच्चों ने दिया स्कूल चलो का संदेश #SubahSamachar