अंबेडकरनगर में गन्ने के खेत में मिला युवक का शव, अधिक शराब पीने से मौत की आशंका

अंबेडकरनगर में अकबरपुर के माधवपुर गांव में शनिवार देर रात राजवंत वर्मा के गन्ने के खेत में एक युवक का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान की प्रक्रिया शुरू की। देर रात करीब 10 बजे मृतक की पहचान कुड़िया चितौना निवासी विकास वर्मा के रूप में हुई। युवक की अधिक शराब पीने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। मृतक विकास वर्मा के पिता केशव राम वर्मा मुंबई में एक निजी संस्था में कार्यरत हैं। शनिवार की सुबह वे अपनी बेटी पूजा के साथ मुंबई के लिए निकले थे। विकास ने अपने पिता और बहन को पहितीपुर बाजार तक छोड़ा था। पिता केशव राम वर्मा ने बताया कि जब वे मुगलसराय पहुंचे तभी उनकी बेटी पूजा के मोबाइल पर पुलिस का फोन आया और गन्ने के खेत में विकास का शव मिलने की सूचना दी गई। इसके बाद परिवार के लोग रास्ते से ही वापस लौट आए। पुलिस के अनुसार, विकास वर्मा नशे का आदी था। प्रारंभिक जांच में उसके शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं, जो मौत के कारणों पर सवाल खड़े कर रहा है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां आरती अचेत हो गईं। विकास वर्मा दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई विशाल अपनी पत्नी से विवाद के चलते वर्तमान में सुल्तानपुर जेल में निरुद्ध है। विकास अभी अविवाहित था। परिवार पर पहले से ही मुश्किलों का साया था और अब इस घटना ने उन्हें गहरा सदमा पहुंचाया है। इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 05, 2026, 15:36 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


अंबेडकरनगर में गन्ने के खेत में मिला युवक का शव, अधिक शराब पीने से मौत की आशंका #SubahSamachar