Aligarh News: रेस्टोरेंट में विवाद के बाद तोड़फोड़, पथराव
एटा बाइपास रोड स्थित दूर का तंदूर रेस्टोरेंट में शनिवार रात खाने के ऑर्डर पर हुए विवाद के बाद मारपीट, तोड़फोड़ और पथराव की घटना हुई। आरोप है कि एक ग्राहक ने अपने साथियों के साथ मिलकर रेस्टोरेंट में जमकर हंगामा किया। विरोध करने पर मैनेजर और कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। घटना में स्टाफ के कुछ लोगों को चोटें आई हैं।रेस्टोरेंट के बिलिंग मैनेजर पंकज आर्या के अनुसार, रात करीब आठ बजे मनीष नाम का व्यक्ति ऑर्डर में समस्या की बात कहते हुए रेस्टोरेंट पहुंचा। मैनेजर का दावा है कि उन्होंने उसकी समस्या सुनकर मौके पर ही समाधान करा दिया लेकिन वह संतुष्ट नहीं हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवक ने ऑर्डर का खाना मैनेजर की ओर फेंक दिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसने फोन करके अपने दो-तीन साथियों को भी बुला लिया। सभी ने मिलकर रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ की और बाहर निकल कर पथराव भी किया। पथराव और तोड़फोड़ में रेस्टोरेंट के सामान को नुकसान पहुंचने की बात कही गई है। मैनेजर के अनुसार, पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। उन्होंने फुटेज पुलिस को सौंप दी है। सीओ प्रथम कमलेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर थाना सासनी गेट पुलिस रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच कर रही है। आरोपियों के बारे में पता लगाया जा रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 26, 2026, 02:55 IST
Aligarh News: रेस्टोरेंट में विवाद के बाद तोड़फोड़, पथराव #AligarhNewsfightstonePelting #SubahSamachar
