US Medicare: ट्रंप प्रशासन बंद करेगा मेडिकेयर दवा सब्सिडी योजना, 2027 से लाखों बुजुर्गों का बढ़ सकता है खर्च

अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने मेडिकेयर के तहत दी जाने वाली एक अस्थायी दवा सब्सिडी योजना को बंद करने का फैसला किया है। इस फैसले के बाद 2027 से लाखों बुजुर्गों को अपनी प्रिस्क्रिप्शन दवाओं के लिए हर महीने अधिक पैसे चुकाने पड़ सकते हैं। यह योजना 2024 में तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन ने शुरू की थी। इसका उद्देश्य 2022 के इन्फ्लेशन रिडक्शन एक्ट के बाद बढ़े दवा खर्च का असर कम करना और मेडिकेयर पार्ट-डी के तहत दवाओं का प्रीमियम सस्ता रखना था। यह भी पढ़ें- 'जरूरी नहीं, पर ईरान पर भी लगे टैरिफ': रूस प्रतिबंध बिल पर बोले ट्रंप, भारत पर भी मंडराया 100% शुल्क का खतरा सरकार का दावा- असर बहुत कम होगा अमेरिका के सेंटर्स फॉर मेडिकेयर एंड मेडिकेड सर्विसेज (सीएमएस) का कहना है कि योजना बंद होने के बावजूद ज्यादातर लोगों के मासिक प्रीमियम में 10 डॉलर (करीब 850 रुपये) से कम की बढ़ोतरी होगी। कुछ लोगों का प्रीमियम पहले से भी कम हो सकता है। सीएमएस के प्रशासक डॉ. मेहमत ओज ने कहा कि इस योजना पर 2026 में सरकार का करीब 3.6 अरब डॉलर खर्च हुआ। इसे बंद करने से करदाताओं का पैसा बचाया जा सकेगा और बीमा कंपनियों को अनावश्यक लाभ मिलने से रोका जा सकेगा। डेमोक्रेट्स ने फैसले का किया विरोध डेमोक्रेटिक पार्टी ने इस फैसले की कड़ी आलोचना की है। सीनेट में डेमोक्रेटिक नेता चक शूमर ने आरोप लगाया कि ट्रंप प्रशासन 2.5 करोड़ बुजुर्गों की दवाओं का खर्च जानबूझकर बढ़ा रहा है। उन्होंने इसे निर्दयी और गलत फैसला बताया। डेमोक्रेट नेताओं का कहना है कि यह फैसला स्वास्थ्य सेवाओं को महंगा बनाने वाली नीतियों की कड़ी का हिस्सा है। उन्होंने मेडिकेड में कटौती और अफोर्डेबल केयर एक्ट की सब्सिडी खत्म होने का भी जिक्र किया। 2.5 करोड़ लोगों पर पड़ सकता है असर अमेरिका में करीब 2.5 करोड़ लोग मेडिकेयर पार्ट-डी के तहत दवा बीमा योजना का लाभ लेते हैं। इस साल सब्सिडी की वजह से वे औसतन 36 डॉलर प्रति माह प्रीमियम दे रहे थे। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 2026 में यह सब्सिडी औसतन 16 डॉलर प्रति माह का खर्च कम कर रही थी। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि योजना बंद होने के बाद कितने लोगों का प्रीमियम बढ़ेगा और किसे कितना अतिरिक्त भुगतान करना होगा। मेडिकेयर लाभार्थी हर साल अपनी जरूरत के हिसाब से नई योजना चुन सकते हैं, इसलिए सभी पर इसका असर एक जैसा नहीं होगा। यह भी पढ़ें- 'होर्मुज हमारा, कोई दखल नहीं देगा': IRGC की अमेरिका और सहयोगी देशों को खुली चेतावनी, क्या फिर बढ़ेगा तनाव सितंबर में जारी होंगे नए प्रीमियम सीएमएस ने कहा है कि 2027 के लिए मेडिकेयर पार्ट-डी के नए प्रीमियम की जानकारी सितंबर में जारी की जाएगी। इसके बाद ही यह स्पष्ट होगा कि लाभार्थियों को अगले साल कितना अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ेगा। यह मुद्दा ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिका में नवंबर में मध्यावधि चुनाव होने हैं और महंगाई व जीवन-यापन की बढ़ती लागत मतदाताओं के प्रमुख मुद्दों में शामिल हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 31, 2026, 02:01 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




US Medicare: ट्रंप प्रशासन बंद करेगा मेडिकेयर दवा सब्सिडी योजना, 2027 से लाखों बुजुर्गों का बढ़ सकता है खर्च #World #International #Us #TrumpAdministration #DonaldTrump #BidenAdministration #MedicareDrugSubsidyProgram #2022InflationReductionAct #Democrats #ChuckSchumer #SubahSamachar