Fatehabad News: अधिकारों की लड़ाई में अध्यापक संघ का संसद कूच, 5 टीमों का गठन

फतेहाबाद। स्कूल टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया और अन्य शैक्षणिक संगठनों के आह्वान पर 5 फरवरी को होने वाले संसद कूच में जिले से सैंकड़ों अध्यापक भाग लेंगे। इस कूच के लिए संघ ने पांच टीमों का गठन किया है। इसके साथ ही 12 फरवरी को ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर होने वाली हड़ताल को सफल बनाने के लिए भी अध्यापक संघ ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ की बैठक खंड प्रधान दलवंती नैन की अध्यक्षता में हुई, जिसमें जिला प्रधान राजपाल मिताथल, वरिष्ठ उपप्रधान डॉ. नीतू डुडेजा, सचिव मुरारी लाल और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में स्कूलों के लिए मिड-डे मील की खाद्य सामग्री को समय पर भेजने और खर्च विवरण की सूची प्रदान करने की मांग उठाई गई, ताकि अध्यापकों को महीने के अंत में समस्याओं का सामना न करना पड़े।संसद कूच में प्रमुख रूप से टीईटी परीक्षा के विरोध, पुरानी पेंशन नीति की बहाली, शिक्षा नीति 2020 को निरस्त करने, स्कूलों का निजीकरण रोकने और आठवें वेतन आयोग की घोषणा जैसी महत्वपूर्ण मांगें उठाई जाएंगी। इस कूच को लेकर संघ ने पांच टीमों का गठन किया है। दरियापुर रूट पर राधेश्याम, भिरड़ाना रूट पर योगेन्द्र सिंह व राजेश कुमार, अयालकी रूट पर डॉ. नीतू डुडेजा, दलवन्ती, पूजा नागपाल, नागपुर रूट पर मुरारी लाल व बीघड़ रूट पर राजपाल मिताथल, हिजरावां रूट पर सुरजीत दुसाद राज्य आडिटर के नेतृत्व में टीमें बनाई गईं। राष्ट्रव्यापी हड़ताल के बारे में जिला वरिष्ठ उपप्रधान डॉ. नीतू डुडेजा और जिला कार्यालय सचिव राधेश्याम ने बताया कि इस हड़ताल में कई प्रमुख मांगें उठाई जाएंगी, जिनमें कर्मचारियों को पक्का करने, पुरानी पेंशन नीति की बहाली, किसानों के लिए फसल का न्यूनतम मूल्य लागू करने, मनरेगा को बहाल करने, सरकारी संस्थानों को बनाए रखने और सबके लिए शिक्षा व्यवस्था की मांग शामिल है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 03, 2026, 19:49 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Fatehabad News: अधिकारों की लड़ाई में अध्यापक संघ का संसद कूच, 5 टीमों का गठन #Teachers'UnionMarchesToParliamentInTheFightForRights #5TeamsFormed #SubahSamachar