वासंतिक नवरात्र: मंगला गौरी और अन्नपूर्णा के दर्शन को गलियों में कतार, 108 बार लगाई परिक्रमा; लगे जयकारे
Navaratri:वासंतिक नवरात्र के आठवें दिन बृहस्पतिवार को मंगला गौरी और महागौरी रूप में मां अन्नपूर्णा के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। मां मंगला गौरी के दर्शन के लिए मंदिर जाने वाली चार गलियों में कतार लगी रही। मां को 21 नारियल चढ़ाए गए। मां को प्रिय गुझिया, मठरी, खुरमा आदि भोग में अर्पित की। वहीं, अन्नपूर्णा मंदिर की गलियां भी भक्तों से पटी थीं। महिलाओं ने मां की 108 बार परिक्रम लगाई। मां के जयकारे गूंजते रहे। चैत्र नवरात्र की अष्टमी तिथि को मां मंगला गौरी में दर्शन-पूजन का विधान है। पंचगंगा घाट पर भगवान शिव को पाने के लिए तपस्या स्वरूप में खड़ी मुद्रा में सखियों संग मौजूद मां मंगला गौरी का ब्रह्म मुहूर्त में चार बजे मां का शृंगार हुआ। महंत पं. नारायण गुरु के आचार्यत्व में पंचामृत स्नान कर नवीन वस्त्र और आभूषण धारण करवाया गया। 11 तरह के पुष्प, पांच प्रकार के फल, 11 किलो लड्डू आदि नैवेद्य चढ़ाकर मां का शृंगार हुआ। 21 नारियल अर्पित कर मंगला आरती के बाद भक्तों के दर्शन के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए। मंदिर जाने वाली चार गलियों में दिन में 11 बजे तक भीड़ रही। दोपहर में एक से चार बजे बीच भोग आरती व शृंगार के बाद रात 11 बजे शयन आरती हुई। महिलाओं ने यश, कीर्ति, संतान की प्राप्ति, वैभव और दांपत्य सुख की कामना की।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 26, 2026, 22:28 IST
वासंतिक नवरात्र: मंगला गौरी और अन्नपूर्णा के दर्शन को गलियों में कतार, 108 बार लगाई परिक्रमा; लगे जयकारे #CityStates #Varanasi #Navaratri2026 #VaranasiNews #LatestNews #BigNews #TodayNews #SubahSamachar
