उत्तराखंड: केदारनाथ में बर्फबारी,बढ़ी ठिठुरन, कपाट बंद होने से पहले बाबा के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
केदारनाथ धाम में बृहस्पतिवार को बर्फबारी होने से ठंड बढ़ गई। धाम में सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला रहा और बर्फ की सफेद चादर के बीच बाबा केदार की नगरी का नजारा मनमोहक हो गया। वहीं, जनपद के निचले इलाकों में भी मौसम का असर देखने को मिला। जिला मुख्यालय समेत उखीमठ, गुप्तकाशी, जखोली और बसुकेदार क्षेत्र में सुबह से बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंड बढ़ गई। केदारनाथ धाम में बर्फबारी के बीच श्रद्धालुओं की आस्था भी देखने को मिल रही है। शीतकाल के लिए धाम के कपाट 11 नवंबर को बंद होने हैं। ऐसे में कपाट बंद होने से पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। श्रद्धालु ठंड के बीच बाबा के दर्शन कर पुण्य अर्जित कर रहे हैं। यात्रा सीजन में अब तक 18 लाख 53 हजार से अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं। बुधवार को धाम में 8,376 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इसके साथ ही इस यात्रा सीजन में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 18,53,032 हो गई है। कपाट बंद होने की तिथि नजदीक आने के साथ ही धाम में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का सिलसिला जारी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 29, 2026, 04:38 IST
उत्तराखंड: केदारनाथ में बर्फबारी,बढ़ी ठिठुरन, कपाट बंद होने से पहले बाबा के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ #CityStates #Rudraprayag #Snowfall #Kedarnath #UttarakhandWeatherNews #SubahSamachar
