Mandi News: चिऊणी स्कूल की छत उड़ी, जनहानि टली
थुनाग (मंडी)। सराज विधानसभा क्षेत्र के चिऊणी में मंगलवार शाम को आए तेज अंधड़ से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चिऊणी के मुख्य भवन की छत उड़ गई। हादसे में स्कूल भवन को भारी नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह रही कि घटना स्कूल में छुट्टी के बाद हुई, जिससे कोई छात्र या स्टाफ सदस्य इसकी चपेट में नहीं आया। स्थानीय लोगों के मुताबिक मंगलवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली और क्षेत्र में तेज हवाएं चलने लगीं। अंधड़ के बीच स्कूल भवन की टीन की छत उखड़कर दूर जा गिरी। तेज हवाओं के कारण मुख्य भवन की छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय निवासी तिलक राज और दीप कुमार ने बताया कि घटना के समय स्कूल परिसर में कोई मौजूद नहीं था। यदि स्कूल समय के दौरान यह हादसा होता तो गंभीर जनहानि हो सकती थी। छत उड़ने से स्कूल के कई कमरों को नुकसान पहुंचा है। छत उखड़ने के बाद कमरों में बारिश का पानी और मलबा घुस गया, जिससे भवन के भीतर रखे सामान को भी क्षति पहुंची है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्कूल भवन की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 10, 2026, 17:32 IST
Mandi News: चिऊणी स्कूल की छत उड़ी, जनहानि टली #RoofOfChiuoniSchoolBlownOff;LossOfLifeAverted. #SubahSamachar
