Rampur Bushahar News: झुगला गांव के लिए जल्द बनेगी सड़क

वन विभाग से मिली सैद्धांतिक मंजूरी, 6.230 किलोमीटर लंबी सड़क से ग्रामीणों को मिलेगी राहतग्रामीण अभी खाद्य सामग्री सहित अन्य सामान पीठ पर लादकर ढोने को मजबूरसंवाद न्यूज एजेंसी नित्थर (कुल्लू)। नित्थर उप तहसील की देहरा पंचायत के झुगला गांव से बेईबील तक संपर्क सड़क को वन विभाग से सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। इस 6.230 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण से ग्रामीणों, किसानों और बागवानों को जल्द ही सड़क सुविधा मिलेगी। इससे उन्हें अपनी नकदी फसलों को मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी और आवागमन की दिक्कतें कम होंगी। ग्रामीण अभी खाद्य सामग्री सहित अन्य सामान पीठ पर लादकर ढोने को मजबूर हैं। झुगला गांव देहरा पंचायत के मोईन गांव के साथ बसा एक छोटा सा गांव है। इस गांव तक अभी तक कोई सड़क सुविधा नहीं है। ग्रामीण पैदल सफर करने को मजबूर हैं। वे खाद्य सामग्री सहित अन्य सामान पीठ पर लादकर ढोने को मजबूर हैं। यह गांव राष्ट्रीय राजमार्ग-पांच के सतलुज नदी के किनारे बसा है। ग्रामीणों को नदी पार करने के लिए झूले का उपयोग करना पड़ता है। ग्रामीणों की इन समस्याओं को देखते हुए देहरा पंचायत के नेताओं और ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग उठाई थी। स्थानीय निवासी जयचंद आनस और कपिल ठाकुर ने सड़क को वन विभाग से मंजूरी के लिए दस्तावेज तैयार करने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि झुगला गांव के निवासी लंबे समय से सड़क सुविधा से वंचित थे। उन्हें रोजमर्रा के सामान और कृषि उत्पादों के परिवहन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस मंजूरी से उनकी वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है। सड़क बनने से उनके जीवन में बड़ा बदलाव आएगा। यह सड़क ग्रामीणों के लिए जीवन रेखा साबित होगी।अभी सड़क को सैद्धांतिक मंजूरी मिली है। लोक निर्माण विभाग को वन विभाग के लिए आवश्यक धनराशि जमा करनी होगी। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सड़क के लिए अंतिम स्वीकृति जारी की जाएगी। अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो पाएगा।-- हिमांशु कटोच, कनिष्ठ अभियंता, लोक निर्माण विभाग नित्थर

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 02, 2026, 17:05 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Rampur Bushahar News: झुगला गांव के लिए जल्द बनेगी सड़क #RoadToJhuglaVillageWillBeBuiltSoon #SubahSamachar