Meerut News: रजिस्ट्री कार्यालय अब रविवार को खुलेंगे, रात आठ बजे तक होंगे बैनामे
- बैनामा करने वालों की भीड़ देखते हुए मेरठ सहित नौ जिलों में बदली व्यवस्था माई सिटी रिपोर्टर मेरठ। जमीन की खरीद-फरोख्त के दौरान भीड़ को देखते हुए महानिरीक्षक निबंधन ने लोगों को सुलभ और पारदर्शी देने के लिए व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब मेरठ में रविवार को रजिस्ट्री कार्यालय खुलेंगे और एक उपनिबंधन का कार्यालय रात आठ बजे तक बैनामे कराएगा। यह व्यवस्था रविवार से लागू की जाएगी। इसके लिए लेखपत्र पंजीकरण सेवा की अवधि में आंशिक विस्तार और प्रत्येक रविवार को रोस्टर के अनुसार उप निबंधक कार्यालय संचालित किए जाएंगे।एआईजी स्टांप (सहायक महानिरीक्षक निबंधन) शर्मा नवीन कुमार एस ने बताया कि नई व्यवस्था के अनुसार कलक्ट्रेट मुख्यद्वार स्थित सदर द्वितीय उप निबंधक कार्यालय प्रत्येक कार्यदिवस पर दोपहर एक बजे से शाम आठ बजे तक खुला रहेगा। यहां दस्तावेज पंजीकरण के लिए अपॉइंटमेंट दोपहर एक बजे से शाम सात बजे तक उपलब्ध होंगे। यह कदम विशेष रूप से उन लोगों के लिए राहत लेकर आएगा जो कार्यदिवस में समय नहीं निकाल पाते। शनिवार को एआईजी स्टांप ने नई कार्य व्यवस्था लागू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके अलावा सदर के अन्य उप निबंधक कार्यालय प्रथम, तृतीय और चतुर्थ में प्रत्येक रविवार को रोस्टर के आधार पर सामान्य कार्यदिवस की तरह संचालित होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार 19 अप्रैल को सदर-प्रथम, 26 अप्रैल को सदर-तृतीय और तीन मई को सदर-चतुर्थ कार्यालय खुलेंगे। यह क्रम आगे भी लगातार जारी रहेगा। रविवार को भी सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक कामकाज होगा जबकि पंजीकरण के लिए अपॉइंटमेंट सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक मिलेंगे। इस व्यवस्था में विवाह पंजीकरण भी शामिल है। सामान्य दिनों की तरह उपलब्ध रहेंगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 18, 2026, 20:41 IST
Meerut News: रजिस्ट्री कार्यालय अब रविवार को खुलेंगे, रात आठ बजे तक होंगे बैनामे #RegistryOfficesWillNowOpenOnSundays;PropertyDeedsCanBeExecutedUntil8PM. #SubahSamachar
