रेलवे: दक्षिण भारत से दिल्ली-वाराणसी तक वंदे भारत की बढ़ी डिमांड, कई रूट पर 100% ऑक्यूपेंसी, कौन सी ट्रेन आगे?
भारतीय रेलवे की प्रीमियम ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस यात्रियों के बीच लगातार लोकप्रिय हो रही है। कई रूट पर इन ट्रेनों में सीटों की मांग इतनी ज्यादा है कि ऑक्यूपेंसी 100 फीसदी से भी ऊपर पहुंच गई है। दक्षिण भारत के एक रूट पर तो यह आंकड़ा करीब 190 फीसदी दर्ज किया गया है। वही यूपी के वाराणसी दिल्ली रूट पर भी वंदे भारत की जबरदस्त डिमांड देखने को मिल रही है।रेलवे ने 2019 में यात्रियों को बेहतर और तेज सफर की सुविधा देने के लिए वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत की थी। अब देशभर में 160 से ज्यादा वंदे भारत सेवाएं चल रही हैं। इन सेमी हाई-स्पीड ट्रेनों से शहरों के बीच यात्रा का समय कम हुआ है और कनेक्टिविटी भी बेहतर हुई है। चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) में तैयार इन ट्रेनों में आधुनिक कोच, उन्नत सुरक्षा प्रणाली और यात्रियों की सुविधा के लिए कई खास इंतजाम किए गए हैं। रेलवे बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में वंदे भारत चेयर कार ट्रेनों की कुल ऑक्यूपेंसी 99.10 फीसदी रही। वहीं, जनवरी 2026 में हावड़ा से कामाख्या के बीच शुरू हुई देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की ऑक्यूपेंसी पिछले वित्त वर्ष में 114.54 फीसदी दर्ज की गई। तिरुवनंतपुरम-मंगलुरु रूट पर सबसे ज्यादा मांग वित्त वर्ष 2025-26 में तिरुवनंतपुरम सेंट्रल से मंगलुरु सेंट्रल के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस यात्रियों की पसंद में सबसे आगे रही। इस रूट पर ऑक्यूपेंसी 189.35 फीसदी दर्ज की गई, जो देश की सभी वंदे भारत सेवाओं में सबसे अधिक है। रेलवे बोर्ड के अधिकारी ने बताया कि मंगलुरु सेंट्रल से तिरुवनंतपुरम सेंट्रल जाने वाली ट्रेन नंबर 20631 की ऑक्यूपेंसी 174.77 फीसदी रही। वहीं, वापसी में ट्रेन नंबर 20632 ने 189.35 फीसदी ऑक्यूपेंसी दर्ज की। वाराणसी-दिल्ली रूट पर भी वंदे भारत की अच्छी मांग दिल्ली और वाराणसी के बीच फिलहाल वंदे भारत चेयर कार की दो जोड़ी और स्लीपर की एक जोड़ी ट्रेनें चल रही हैं। वंदे भारत स्लीपर सेवा की शुरुआत 31 अक्तूबर 2026 को की गई। रेलवे बोर्ड के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन नंबर 22415 की ऑक्यूपेंसी 117.26 फीसदी रही। इसकी वापसी सेवा, ट्रेन नंबर 22416, में 114.05 फीसदी ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। इसी रूट पर चलने वाली दूसरी चेयर कार सेवा में भी यात्रियों की अच्छी संख्या रही। वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन नंबर 22435 की ऑक्यूपेंसी 117.25 फीसदी और वापसी में ट्रेन नंबर 22436 की ऑक्यूपेंसी 115.19 फीसदी दर्ज की गई। हावड़ा-कामाख्या स्लीपर ट्रेन की ऑक्यूपेंसी इसके अलावा देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को भी यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। वित्त वर्ष 2025-26 में हावड़ा से कामाख्या जाने वाली ट्रेन नंबर 27575 की ऑक्यूपेंसी 127.66 फीसदी दर्ज की गई। वहीं, कामाख्या से हावड़ा लौटने वाली ट्रेन नंबर 27576 में 103.54 फीसदी ऑक्यूपेंसी रही। दोनों सेवाओं की कुल ऑक्यूपेंसी 114.54 फीसदी दर्ज की गई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 05, 2026, 12:38 IST
रेलवे: दक्षिण भारत से दिल्ली-वाराणसी तक वंदे भारत की बढ़ी डिमांड, कई रूट पर 100% ऑक्यूपेंसी, कौन सी ट्रेन आगे? #IndiaNews #National #IndianRailways #VandeBharat #SouthIndia #Delhi-varanasiVandeBharat #SubahSamachar
