हिमाचल प्रदेश: साइबर ठगी की रकम का रास्ता तलाश रही पुलिस, संदिग्ध बैंक खातों की जांच शुरू
साइबर धोखाधड़ी के मामलों में ठगी की रकम का रास्ता तलाश करने के लिए साइबर क्राइम सेल ने प्रदेश में बैंक खातों का सत्यापन शुरू कर दिया है। केंद्रीय एजेंसियों से मिली सूचनाओं के आधार पर संदिग्ध बैंक खातों की पड़ताल की जा रही है। इसमें ऐसे खाताधारकों को बैंक में बुलाकर उनकी दोबारा से केवाईसी की जाएगी। साइबर क्राइम सेल ने स्पष्ट किया है कि कोई म्यूल खाता पाए जाने पर खाताधारक के खिलाफ एफआईआर होगी और उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह कार्रवाई भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आईफोरसी) से संदिग्ध खातों की मिली सूचना के आधार पर की जा रही है। सत्यापन के दौरान खाताधारकों की पहचान और केवाईसी विवरण के साथ ही खाते हुए लेनदेन की रकम भी जांच के दायरे में आएगी। जांच के बाद म्यूल और संदिग्ध लेनदेन में संलिप्त बैंक खातों को फ्रीज किया जाएगा। पुलिस यह भी देखेगी कि संदिग्ध लेनदेन किन खातों से जुड़े हैं और रकम का आगे किस तरह ट्रांसफर हुई है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि अगर उनके बैंक खातों में किसी तरह का संदिग्ध लेनदेन होता है तो इसकी जानकारी संबंधित बैंक समेत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दे सकते हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 02, 2026, 21:46 IST
हिमाचल प्रदेश: साइबर ठगी की रकम का रास्ता तलाश रही पुलिस, संदिग्ध बैंक खातों की जांच शुरू #CityStates #Shimla #CyberFraudCases #HpPolice #SubahSamachar
