सुधार पुलिस का एक्शन: 24 घंटे में सुलझा लूट का मामला, दो आरोपी काबू; नए थाना प्रभारी ने पहले दिन ही दिखाया दम

सुधार थाना क्षेत्र में लगातार हो रही लूटपाट की घटनाओं के बीच पुलिस ने टेंपो चालक से हथियारों के बल पर 40 हजार रुपये से अधिक की नकदी लूटने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरिंदर सिंह निवासी बोपाराय कलां और अजीत सिंह उर्फ बिज्जू निवासी गांव ढट्ट के रूप में हुई है। दोनों पर निहंगों जैसी वेशभूषा में बाइक पर पहुंचकर वारदात को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर रही है। जानकारी के मुताबिक, चाचा कैटल फीड फैक्टरी जांगपुर रोड मुल्लांपुर दाखा के खजांची कम ड्राइवर गांव तलवंडी खुर्द थाना दाखा निवासी हरबंस सिंह शनिवार को गांव अब्बूवाल स्थित एक फीड की दुकान से पेमेंट लेकर अपने टेंपो में सुधार बाजार लौट रहे थे। इसी दौरान अब्बूवाल लिंक रोड पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें घेरकर रोक लिया। आरोप है कि हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई और उनसे 40 हजार रुपये से अधिक की नकदी लूट ली गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए। बताया गया कि उनके चेहरे ढके नहीं थे, जिससे पहचान करने में मदद मिली। महिलाओं से लूट की 10 घटनाओं के बाद पुलिस पर बढ़ा था दबाव सुधार थाना क्षेत्र में पिछले करीब एक महीने से लूटपाट की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा रखी थी। स्थानीय स्तर पर महिलाओं से लूट की 10 वारदात होने की बात सामने आई थी। बैंक और अन्य वित्तीय संस्थानों के आसपास महिलाओं को निशाना बनाकर नकदी और मोबाइल फोन लूटे जाने की शिकायतों के बीच पुलिस की गश्त और अपराध नियंत्रण को लेकर सवाल उठ रहे थे। लुधियाना-बठिंडा राजमार्ग और सुधार बाजार के आसपास भी लोग सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे थे। शनिवार सुबह टेंपो चालक हरबंस सिंह से लूट की घटना के बाद तत्कालीन थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर कुलविंदर सिंह का तबादला कर उन्हें जगरांव मुख्यालय में लाइन हाजिर कर दिया गया था। इसके बाद रविवार को राजविंदरपाल सिंह ने थाना सुधार की जिम्मेदारी संभाली। पदभार ग्रहण करने के दिन ही दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस के लिए अहम कार्रवाई माना जा रहा है। एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता, एसपी (डी) राजन शर्मा और डीएसपी करण संधू के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की मांग की जाएगी। पूछताछ में क्षेत्र में हुई अन्य लूटपाट की घटनाओं के संबंध में अहम खुलासे होने की संभावना है। पुलिस आरोपियों से लूटी गई नकदी की बरामदगी और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों व बाइक के संबंध में भी जानकारी जुटाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 26, 2026, 13:00 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




सुधार पुलिस का एक्शन: 24 घंटे में सुलझा लूट का मामला, दो आरोपी काबू; नए थाना प्रभारी ने पहले दिन ही दिखाया दम #Crime #Ludhiana #Punjab #SudharPolice #Robbery #SubahSamachar