Kullu News: कूड़ा उठाने उतरे अधिकारी, कारोबारियों ने भी दिया साथ
मनाली में पृथ्वी दिवस पर स्वच्छता अभियान का आयोजन वोल्वो बस स्टैंड से मालरोड तक एकत्रित किया कूड़ा संवाद न्यूज एजेंसी मनाली। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ पर्यटन नगरी की स्वच्छ छवि बनाने के लिए अधिकारी, कर्मचारी और कारोबारी सड़क पर उतरे और जमीन पर बिखरा तिनका-तिनका उठाया। मौका था पृथ्वी दिवस का। इस खास अवसर पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने विशाल स्वच्छता अभियान का आयोजन किया। इससे मनाली को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संदेश दिया गया। एसडीएम गुंजित सिंह चीमा खुद कूड़ा उठाने सड़क पर उतरे। बोर्ड के अधिकारी, कर्मचारी, पर्यटन कारोबार से जुड़े विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों ने इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।मनाली में स्वच्छता के उद्देश्य से बुधवार को एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, सरकारी कर्मचारियों और स्थानीय कारोबारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर सड़क पर उतरकर न केवल सफाई की, बल्कि आम जनता को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान अधिकारियों ने वोल्वो बस स्टैंड से भूतनाथ मंदिर, बस स्टैंड, मालरोड, मुख्य बाजार और आसपास के क्षेत्रों में सफाई की। भारी मात्रा में कूड़ा एकत्रित किया गया। कई पर्यटक भी इस अभियान में शामिल हुए। अभियान के दौरान लोगों से अपील की कि वे कचरा इधर-उधर न फेंकें। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिशासी अभियंता सुनील शर्मा ने कहा कि पृथ्वी दिवस पर स्वच्छता का संदेश देने के प्रयास किया गया है। इस विशाल अभियान में प्रशासन और विभिन्न संस्थाओं ने भाग लिया। होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने कहा कि मनाली को स्वच्छ रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। होटलों में ही पर्यटकों को जागरूक करने के प्रयास किए जाएंगे। लाइफ लाइन एनजीओ के अध्यक्ष गौतम ठाकुर ने कहा कि मनाली को अंतरराष्ट्रीय पर्यटननगरी कहा जाता है लेकिन सही मायने में ऐसा प्रतीत नहीं होता। मनाली में करोड़ों का कारोबार पर्यटन से होता है। ग्रीन टैक्स से भी कमाई हो रही है। ऐसे में प्रशासन और नगर परिषद की जिम्मेदारी है कि वे अपनी जिम्मेदारी निभाएं जिससे भविष्य में दोबारा स्वच्छता अभियान चलाकर संस्थाओं को सड़क पर न उतरना पड़े।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 22, 2026, 18:23 IST
Kullu News: कूड़ा उठाने उतरे अधिकारी, कारोबारियों ने भी दिया साथ #OfficialsCameOutToCollectGarbage #BusinessmenAlsoSupported #SubahSamachar
