CG Weather Update: मानसून ने बढ़ाई रफ्तार, छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट
छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में अगले दो दिन भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। अब तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से लगभग 60 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग का मानना है कि अगले कुछ दिनों में होने वाली व्यापक बारिश से वर्षा की कमी काफी हद तक पूरी होने की संभावना है। साथ ही लोगों को गरज-चमक, तेज हवा और वज्रपात के दौरान सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश पर कई मौसमी प्रणालियां एक साथ प्रभाव डाल रही हैं। पंजाब से लेकर उत्तर बंगाल की खाड़ी तक फैली मौसमी द्रोणिका, बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण तथा उत्तर छत्तीसगढ़ के आसपास बना एक अन्य चक्रवाती सिस्टम वर्षा को मजबूत कर रहा है। इन परिस्थितियों के चलते 3 जुलाई के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे प्रदेश में बारिश का दौर और तेज हो सकता है। राजधानी रायपुर में बुधवार की तरह गुरुवार को भी आसमान में घने बादल छाए रहने की संभावना है। बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में बीते 24 घंटों के दौरान अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि अन्य क्षेत्रों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत मिले हैं। उधर, प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में बलरामपुर-रामानुजगंज सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बिलासपुर में 34 डिग्री, जशपुर में 33.5 डिग्री, अंबिकापुर में 33.1 डिग्री, कोरबा में 32.9 डिग्री, दुर्ग में 30.6 डिग्री और जगदलपुर में 28.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 02, 2026, 10:20 IST
CG Weather Update: मानसून ने बढ़ाई रफ्तार, छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट #CityStates #Chhattisgarh #Raipur #SubahSamachar
