Maharashtra: ठाणे में टीवी देखने को लेकर हुआ झगड़ा, व्यक्ति ने परिवार के तीन सदस्यों को चाकू घोंपा

महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक घर में जन्मदिन के जश्न के बाद टीवी देखने को लेकर हुए झगड़े में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी, बेटी और पोती पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना शहर के राबोडी इलाके में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को हुई। पुलिस ने क्या बताया राबोडी पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा, 'आरोपी मोहम्मद तारिक खान और उसकी पत्नी के बीच अक्सर घर के छोटे-मोटे मुद्दों को लेकर झगड़ा होता रहता था। हाल में हुए झगड़े की मुख्य वजह पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों का टीवी देखना था, जो उसे पसंद नहीं था।' पुलिस के अनुसार, खान और उसके परिवार ने शुक्रवार को उसकी पोती का जन्मदिन मनाया था और रात को सोने चले गए थे, तभी आरोपी ने टीवी के मुद्दे को लेकर अपनी पत्नी से फिर से झगड़ा शुरू कर दिया। अधिकारी ने बताया, 'गुस्से में आकर उसने रसोई का चाकू उठाया और अपनी पत्नी पर हमला कर दिया। जब उसकी बेटी और पोती ने महिला को बचाने के लिए बीच-बचाव किया, तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया।' उन्होंने बताया कि तीनों पीड़ितों को चोटें आई हैं और उन्हें तुरंत एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने आगे बताया कि बेटी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1) (खतरनाक हथियारों या साधनों से जानबूझकर चोट या गंभीर चोट पहुंचाना) के तहत एक मामला दर्ज किया गया है, और अब तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 26, 2026, 13:03 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Maharashtra: ठाणे में टीवी देखने को लेकर हुआ झगड़ा, व्यक्ति ने परिवार के तीन सदस्यों को चाकू घोंपा #IndiaNews #National #Maharashtra #Thane #SubahSamachar