गुल्लक को मुस्कुराने दो: छोटी-छोटी बचत से बनेगी बड़ी संपत्ति, जानिए कैसे संभालें अपनी आर्थिक जिंदगी की कमान?
गुल्लक देखने में बहुत आसान लगती है। यह आपको आपके पैसे साफ-साफ दिखाती है। लेकिन यही सादगी इसकी असली ताकत है, क्योंकि यह आपको सच्चाई से सीधा सामना करवाती है। इसे एक डिब्बे की तरह सोचिए, जिसके दो हिस्से हैं। एक तरफ आवक : वेतन, व्यापार से आय, किराया, डिविडेंड, ब्याज आदि। दूसरी तरफ जावक : राशन, स्कूल फीस, ईएमआई, बिजली का बिल, पेट्रोल और हां, वह शुक्रवार रात का पिज्जा ऑर्डर भी, जो आपने स्विगी से मंगाया था। हर व्यक्ति की गुल्लक होती है अलग हर किसी की गुल्लक एक जैसी नहीं होती। किसी युवा प्रोफेशनल की गुल्लक में किराया, ईएमआई और बाहर खाने का खर्च ज्यादा हो सकता है। एक गृहिणी की गुल्लक में राशन, घर की मरम्मत और स्कूल फीस का हिस्सा बड़ा होगा। रिटायर्ड व्यक्ति की गुल्लक में पेंशन आएगी, लेकिन मेडिकल खर्च भी ज्यादा होगा। आपकी गुल्लक आपकी जिंदगी की तस्वीर है, बस नंबरों में। बिल्कुल आपकी तरह, अलग और पूरी तरह आपकी, जैसे आपकी उंगलियों के निशान। अपने हिसाब से तैयार करें आर्थिक बजट इसे ऐसे समझिए जैसे कोई दर्जी आपके नाप से कपड़े सिलता है। वह हर माप लेकर ऐसा कपड़ा बनाता है, जो सिर्फ आप पर ही ठीक से फिट बैठता है। वह कपड़ा हमेशा किसी रेडीमेड कपड़े से बेहतर लगेगा। आपकी गुल्लक भी ऐसे ही काम करती है। एक सामान्य बजट आपको बस अंदाजा देता है, लेकिन आपकी अपनी गुल्लक ही आपकी असली आर्थिक जिंदगी को सही तरह से दिखाती है। इस टूल की असली ताकत तब सामने आती है, जब आप सच में अपने नंबर लिखकर देखते हैं। एक तरफ आमदनी, दूसरी तरफ खर्च। इनके बीच का फर्क ही आपका निवेश करने लायक पैसा है। यही बचा हुआ पैसा आगे चलकर संपत्ति बनने की शुरुआत करता है। यही वह हिस्सा है, जो आपके लिए काम कर सकता है, तब भी जब आप आराम कर रही हों। महिलाएं अक्सर नहीं रखतीं अपनी आमदनी और खर्च का हिसाब अक्सर महिलाएं इस गुल्लक को कभी सामने लाती ही नहीं हैं। हम अपने खर्चों को दिमाग में ही संभालती रहती हैं, याददाश्त और मानसिक हिसाब पर भरोसा करके। हमें लगता है कि अगर महीने के अंत में अकाउंट में कुछ बच रहा है, तो सब ठीक चल रहा है। लेकिन जो हिसाब दिखाई नहीं देता, वह कई जगह रिसाव छुपा देता है। आर्थिक स्थिति समझने का आईना है गुल्लक एक असली गुल्लक, चाहे कागज पर हो, एक्सेल शीट में हो या किसी ऐप में, आपको सच्चाई से रूबरू कर देती है। यह साफ दिखाती है कि कहां फिजूलखर्ची हो रही है, कहां आपने जरूरत से ज्यादा जिम्मेदारियां ले ली हैं और सबसे अहम, आप सच में कितना निवेश कर सकती हैं। गुल्लक आपको जवाबदेह भी बनाती है। अगर आपकी आमदनी का 60 प्रतिशत लाइफस्टाइल पर जा रहा है और सिर्फ पांच प्रतिशत निवेश में, तो यह असंतुलन साफ नजर आता है। अगर आप सोने के गहनों में बचत कर रही हैं, लेकिन इमरजेंसी के लिए आपके पास कैश नहीं है, तो यह कमी भी छुपती नहीं है। आर्थिक लक्ष्यों की ओर रास्ता दिखाती है गुल्लक यह एक आईना है। जैसा सच में है, वैसा ही दिखाता है, न कि जैसा हम देखना चाहते हैं। और धीरे-धीरे आपको समझ आने लगता है कि यह आईना सिर्फ दिखाने का काम नहीं करता, बल्कि रास्ता भी दिखाता है। यह एक दिशा देने वाला साधन बन जाता है। यह आपको आने वाले फाइनेंशियल लक्ष्यों की तरफ ले जाता है और समझाता है कि आज का हर छोटा सुधार, कल की आजादी की ओर एक कदम है। आज का छोटा कदम : एक महीने तक लिखें आय और खर्च का हिसाब एक नोटबुक लीजिए। उसमें दो कॉलम बनाइए। एक तरफ अपनी हर आमदनी का स्रोत लिखिए और दूसरी तरफ हर छोटा-बड़ा खर्च। याददाश्त पर भरोसा मत कीजिए। कम से कम एक महीने तक यह अभ्यास कीजिए। महीने के अंत तक आपको साफ दिखेगा कि आपके पास असल में कितना पैसा बचता है। यही बचा हुआ हिस्सा आपकी संपत्ति बनने की शुरुआत है। जैसे ही आपको यह बचा हुआ पैसा दिखता है, सबसे पहले यही लगता है कि इसे बचा लेना चाहिए। यही वह हिस्सा है, जो आपके जरूरी और रोजमर्रा के खर्चों के बाद बचता है। लेकिन खर्च भी समय के साथ बढ़ते रहते हैं, परिवार की जरूरतों और बढ़ती कीमतों के साथ। आज जो बचत दिख रही है, वह कल गायब भी हो सकती है, अगर ध्यान न रखा जाए। इसलिए पैसे को किसी सुरक्षित जगह रखना एक समझदारी भरा पहला कदम है। जैसे सेविंग अकाउंट, फिक्स्ड डिपॉजिट, रिकरिंग डिपॉजिट या फिर वही पुरानी गुल्लक, अगर उससे आपको सुकून मिलता है। बचत करना है आर्थिक अनुशासन की पहली निशानी बचत करना फाइनेंशियल अनुशासन की पहली निशानी है। इसका मतलब है कि आपने तुरंत मिलने वाली खुशी के बजाय थोड़ा इंतजार चुना। आपने सेल से खुद को रोका, बिना सोचे-समझे खरीदने से बचीं, एक अतिरिक्त खर्च को टाल दिया। हमारी मां और नानी-दादी इसमें माहिर थीं। जब आप बचत करती हैं, तो आप उनके रास्ते पर ही चल रही होती हैं। सिर्फ बचत काफी नहीं, निवेश भी है जरूरी बहुत-सी महिलाएं पूछती हैं, मैं सिर्फ बचत ही क्यों न करूं यह आसान है, आरामदायक है। सवाल बिल्कुल सही है। लेकिन यहां एक पल रुकिए और इस बात को ध्यान से पढ़िए : सिर्फ बचत काफी नहीं है। सच्चाई थोड़ी कठोर है। आपका पैसा चाहे बैंक अकाउंट में रखा हो या अलमारी में, वह शांत बैठा नहीं रहता। वह चुपचाप कम होता जाता है। महंगाई नाम का अनदेखा चोर घटाता है पैसे की ताकत महंगाई का मतलब है समय के साथ चीजों और सेवाओं की कीमतों का बढ़ना और यह धीरे-धीरे आपके पैसे की ताकत कम करती रहती है। हर साल वही रुपया आपको थोड़ा कम सामान दिलाने लगता है। मैंने इकोनॉमिक्स में पीएचडी करने में पांच साल लगाए हैं और अगर उस पढ़ाई ने मुझे कुछ सिखाया है, तो यह कि कई बातें सुनने में जटिल लगती हैं, लेकिन असल में बहुत सीधी होती हैं। महंगाई ऐसी ही एक चीज है। महंगाई कोई कठिन आर्थिक सिद्धांत या सिर्फ रिजर्व बैंक का आंकड़ा नहीं है। यह एक धीमा, अनदेखा तूफान है, जो आपके किचन, स्कूल, पेट्रोल पंप और यहां तक कि ब्यूटी पार्लर तक पहुंचता है। यह आपकी बचत को बिना शोर किए कम करता रहता है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 08, 2026, 04:44 IST
गुल्लक को मुस्कुराने दो: छोटी-छोटी बचत से बनेगी बड़ी संपत्ति, जानिए कैसे संभालें अपनी आर्थिक जिंदगी की कमान? #Opinion #BusinessDiary #National #PiggyBank #FinancialDiscipline #Women'sEconomicSelf-reliance #SavingsAndInvestment #Inflation #SubahSamachar
