Jammu News: स्कूल बदलने और जेकेबोस में दाखिले का रास्ता खुला, आवेदन शुरू

जम्मू। जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (जेकेबोस) ने जम्मू संभाग के समर जोन के स्कूलों के लिए इंटर स्कूल माइग्रेशन और पात्रता से जुड़ी ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू कर दी है। दसवीं और 12वीं के छात्र स्कूल बदलने के लिए आवेदन कर सकेंगे। सीबीएसई और अन्य मान्यता प्राप्त बोर्डों के छात्रों को भी जेकेबोस में आने का मौका मिलेगा। बोर्ड के अनुसार ऑनलाइन आवेदन मंगलवार से शुरू हो चुके हैं। छात्र बिना लेट फीस के आठ जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद अतिरिक्त शुल्क के साथ आवेदन करने की सुविधा सात अगस्त तक रहेगी। माइग्रेशन की सुविधा 10वीं और 12वीं के नियमित छात्रों के लिए होगी। छात्र एक से दूसरे संबद्ध स्कूल में जा सकेंगे। यह सुविधा एक ही जिले के भीतर, एक से दूसरे जिले और दूसरे संभाग में जाने वाले छात्रों के लिए भी उपलब्ध रहेगी। सीबीएसई और अन्य मान्यता प्राप्त बोर्डों में पढ़ रहे नौवीं, दसवीं और 11वीं के छात्र भी जेकेबोस में आने के लिए आवेदन कर सकेंगे। जरूरी शर्तें पूरी करने वाले छात्र 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षा में जेकेबोस के तहत पढ़ाई जारी रख सकेंगे। माइग्रेशन के लिए 450 रुपये शुल्क तय किया गया है। दूसरे बोर्डों से जेकेबोस में आने वाले छात्रों को पात्रता और पंजीकरण के लिए 1,415 रुपये शुल्क देना होगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सभी आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 10, 2026, 02:53 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Jammu News: स्कूल बदलने और जेकेबोस में दाखिले का रास्ता खुला, आवेदन शुरू #Jkboss #ChangeSchool #SubahSamachar