GPM News: मामूली सी बात पर मारपीट, डीजे फ्लोर पर छिड़ी जंग, दो युवक घायल

गौरेला थाना क्षेत्र की खोडरी चौकी अंतर्गत ग्राम सधवानी नवापारा में आयोजित एक छट्ठी कार्यक्रम के दौरान डीजे पर नाचते समय शरीर छू जाने की मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिसमें एक 15 वर्षीय किशोर सहित दो युवकों को चोटें आईं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों समेत अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बढावनडांड नारायण टोला निवासी सुनील भानू (15) अपने दोस्तों विजय भानू, कुलदीप भानू और अखिलेश भानू के साथ ग्राम सधवानी नवापारा में रामचरण भैना के घर आयोजित छट्ठी कार्यक्रम में शामिल होने गया था। रात करीब 10 बजे सार्वजनिक स्थान पर डीजे पर नाचने के दौरान शरीर छू जाने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि नवापारा सधवानी निवासी रोहित भानू, निलेश भैना, गोलू भैना तथा उनके अन्य साथियों ने सुनील भानू के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने हाथ, मुक्के और लात से उसकी पिटाई कर दी। मारपीट में सुनील के हाथ, कमर और पीठ पर चोटें आईं। विवाद बढ़ता देख बीच-बचाव करने पहुंचे अखिलेश भानू के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। इस घटना में अखिलेश की गर्दन, पीठ, कमर तथा हाथ-पैर में चोटें आईं। घटना के समय वहां मौजूद रामचरण भैना और हीरालाल भैना ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कराया और विवाद को शांत कराया। घटना के बाद घायल सुनील भानू ने खोडरी चौकी पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने रोहित भानू, निलेश भैना, गोलू भैना एवं उनके अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 05, 2026, 07:29 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




GPM News: मामूली सी बात पर मारपीट, डीजे फ्लोर पर छिड़ी जंग, दो युवक घायल #CityStates #Gorella-pendra-marwahi #Fir #SubahSamachar