Gurugram News: सेक्टर-49 में नशे में धुत युवकों का हंगामा, सुरक्षाकर्मी से मारपीट कर तोड़ा बूम बैरियर
- रोजवुड सिटी में सुबह चार बजे 10-12 युवकों ने किया उपद्रव, पुलिस ने शिकायत मिलने पर कार्रवाई की बात कहीसंवाद न्यूज एजेंसीबादशाहपुर। सेक्टर-49 स्थित रोजवुड सिटी के सी-ब्लॉक में शनिवार सुबह शराब के नशे में धुत युवकों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि करीब 10 से 12 युवकों ने सोसाइटी के सुरक्षाकर्मियों के साथ गाली-गलौज और अभद्रता की। विरोध करने पर सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट की गई और वाहन से मुख्य गेट पर लगे बूम बैरियर को तोड़कर जबरन सोसाइटी में प्रवेश कर लिया गया।सोसाइटी के लोगों के अनुसार, सुबह करीब चार बजे कुछ युवक कारों में सवार होकर पहुंचे थे। उनके साथ एक महिला भी थी। सुरक्षा नियमों के तहत मायगेट ऐप पर उनके प्रवेश की कोई अनुमति दर्ज नहीं थी। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और सुपरवाइजर ने जब वाहनों को रोककर जानकारी मांगी तो युवक भड़क गए और हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि युवकों ने सुरक्षाकर्मियों को गालियां दीं और धमकियां दीं। इसी दौरान एक युवक ने कार सुरक्षाकर्मी की ओर मोड़ दी, जिससे उसे चोट लग गई। घायल सुरक्षाकर्मी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद युवकों ने मुख्य गेट का बूम बैरियर तोड़ते हुए सोसाइटी में प्रवेश कर लिया।नियमों की अनदेखी की गई- रोजवुड सिटी सी-ब्लॉक के अध्यक्ष अशोक यादव ने बताया कि युवक सोसाइटी में किराए पर रहने वाली एक महिला के पास आए थे। मकान मालिक ने देर रात अधिक लोगों के आने पर आपत्ति जताई थी, लेकिन इसके बावजूद नियमों की अनदेखी की गई। जाते समय युवकों ने दोबारा बूम बैरियर को टक्कर मारी और फरार हो गए। कोट- अभी तक पुलिस को लिखित शिकायत नहीं मिली है। जिस सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट हुई है, वह शिकायत देने नहीं आया है। पुलिस टीम सुरक्षा एजेंसी से संपर्क कर रही है। शिकायत मिलने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। -संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 01, 2026, 18:43 IST
Gurugram News: सेक्टर-49 में नशे में धुत युवकों का हंगामा, सुरक्षाकर्मी से मारपीट कर तोड़ा बूम बैरियर #DrunkenYouthsCreateARuckusInSector-49;AssaultSecurityGuardAndBreakBoomBarrier. #SubahSamachar
