मिलावटखोरों पर शिकंजा: दिल्ली में त्योहारों के सीजन में मिठाई निर्माताओं की जांच; कमियां मिलीं, सैंपल भरे गए
दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारों के मद्देनजर राजधानी में मिठाई निर्माताओं और उनसे जुड़े प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई इकाइयों में स्वच्छता, साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के भंडारण और उन्हें संभालने के निर्धारित तौर-तरीकों में कमियां सामने आईं। विभागीय टीमों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से प्रवर्तन एवं निगरानी के तहत खाद्य पदार्थों के नमूने भी एकत्र किए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली सरकार का प्रयास है कि नागरिकों को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध हों तथा त्योहारों की खुशियों के बीच किसी के स्वास्थ्य से समझौता न हो। जनहित और जनस्वास्थ्य की रक्षा के लिए जागरूकता, जवाबदेही और निर्धारित मानकों का पालन आवश्यक है। साफ-सफाई संबंधी व्यवस्थाएं असंतोषजनक खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को निरीक्षण के दौरान विद्या विहार (हस्तसाल) औद्योगिक क्षेत्र स्थित काली घटा स्वीट्स की निर्माण इकाई में स्वच्छता और साफ-सफाई संबंधी व्यवस्थाएं असंतोषजनक पाई गईं। इसके उत्तम नगर स्थित आउटलेट में भी सुधार की जरूरत बताई गई। दोनों परिसरों से केसर रसभरी, आलू भुजिया, घी और पालक बूंदी के चार नमूने लिए गए। चांदनी चौक स्थित भीकाराम चांदमल प्राइवेट लिमिटेड के निरीक्षण में स्वच्छता और साफ-सफाई से जुड़ी कई कमियां मिलीं। यहां से खोया और रसभरी के नमूने एकत्र किए गए। नरेला औद्योगिक परिसर स्थित अमन मिठाईवाला की दोनों निर्माण इकाइयों में नियमों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने में कमियां पाई गईं। यहां से बर्फी और मिल्क केक के नमूने लिए गए। पैकेजिंग से जुड़े दस्तावेजों में खामियां टीम को ओखला फेज-II स्थित एवरग्रीन स्वीट हाउस के भंडारण क्षेत्र में कीटों की सक्रियता देखी गई। निरीक्षण के दौरान पानी की जांच संबंधी रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी और कर्मचारी बिना दस्तानों के खाद्य पदार्थ संभालते पाए गए। विभाग ने यहां से बूंदी दाना और खोया के नमूने लिए। बादली औद्योगिक क्षेत्र स्थित पुरी बेकर और बंसीवाला स्वीट्स इकाइयों का निरीक्षण किया गया। यहां से पीले रंग वाली रसमलाई और केक बनाने में इस्तेमाल होने वाले फैट इमल्शन के नमूने एकत्र किए गए। दोनों निरीक्षणों के दौरान एफएसएसएआई लाइसेंस प्रदर्शित नहीं किए जाने, खाद्य पदार्थ संभालने वाले कर्मचारियों के प्रशिक्षण में कमी और पैकेजिंग से जुड़े दस्तावेजों में खामियां सामने आईं। खोया, बूंदी लड्डू, काजू बाइट के नमूने लिए गए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को नारायणा स्थित ग्रोवर स्वीट कॉर्नर में सामान्य स्वच्छता संतोषजनक पाई गई, लेकिन निरीक्षकों ने खुले कूड़ेदान, कार्यक्षेत्र में कर्मचारियों के कपड़े रखे होने और खिड़कियों पर कीटरोधी जाली नहीं होने जैसी कमियां दर्ज कीं। पानी और उत्पादों की जांच संबंधी रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थी। यहां से खोया और बूंदी के लड्डू के नमूने लिए गए। आईपी एक्सटेंशन स्थित सिंगला स्वीट्स में छत की परत उखड़ने, खिड़कियों पर कीटरोधी जाली नहीं होने और एग्जॉस्ट सिस्टम पर चिकनाई जमा होने जैसी समस्याएं मिलीं। फ्रीजर में रखे खाद्य पदार्थों का पृथक्करण और लेबलिंग भी उचित तरीके से नहीं की गई थी। विभागीय टीम ने यहां से खोया और काजू बाइट के नमूने एकत्र किए। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई इसी तरह नारायणा स्थित मीठी फूड्स में चिमनी पर मकड़ी के जाले, कीटों के प्रवेश को रोकने के अपर्याप्त इंतजाम और कर्मचारियों के निजी सामान रखने के लिए अलग निर्धारित स्थान की कमी पाई गई। तैयार प्रीमिक्स पर निर्माण की तारीख का लेबल भी नहीं लगा था। यहां से काजू बर्फी और खजूर बर्फी के नमूने लिए गए। विभाग का यह भी कहना है कि निरीक्षण के दौरान चांदनी चौक स्थित 'चैना राम सिंधी हलवाई' प्रतिष्ठान से पिस्ता बर्फी और खोया, मथुरा रोड स्थित 'हल्दीराम मार्केटिंग' से केसर पेड़ा, ओखला स्थित बीकानेर वाला से बादाम और पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया स्थित 'हीरा स्वीट्स' से पेड़ा के नमूने एकत्र किए गए। विभाग के अनुसार इन सभी उत्पादों के संबंध में आगे की कार्रवाई प्रयोगशाला (लैब) की जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। त्योहारों की खुशियों में स्वास्थ्य भी सर्वोपरि: सीएम रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार की जनहितैषी कार्यशैली का केंद्र नागरिकों का स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण है। त्योहारों का वास्तविक आनंद तभी है, जब हर परिवार को अपने घर के लिए खरीदे जाने वाले खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और गुणवत्ता पर भरोसा हो। त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ती है, इसलिए उनके निर्माण, भंडारण और बिक्री में निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन करना और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। सरकार स्वास्थ्य से जुड़े विषयों को गंभीरता से लेती है। उन्होंने कहा कि खाद्य कारोबार से जुड़े सभी प्रतिष्ठानों को चाहिए कि वे स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, कर्मचारियों के प्रशिक्षण और खाद्य पदार्थों को उचित तरीके से संभालने के नियमों का पूरी जिम्मेदारी से पालन करें। सरकार का प्रयास है कि नागरिकों को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध हों तथा त्योहारों की खुशियों के बीच किसी के स्वास्थ्य से समझौता न हो। जनहित और जनस्वास्थ्य की रक्षा के लिए जागरूकता, जवाबदेही और निर्धारित मानकों का पालन आवश्यक है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 20, 2026, 12:51 IST
मिलावटखोरों पर शिकंजा: दिल्ली में त्योहारों के सीजन में मिठाई निर्माताओं की जांच; कमियां मिलीं, सैंपल भरे गए #CityStates #DelhiNcr #DelhiNews #DelhiFestivalToday #SubahSamachar
