Cyber Fraud Case : साइबर ठगों ने रिटायर्ड कैप्टन को लगाया 13.97 लाख का चूना, एफआईआर दर्ज
साइबर जालसाजों ने रिटायर्ड सैन्य अधिकारी को आईपीओ में अलॉटमेंट और भारी मुनाफे का झांसा देकर 13,97,499 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए साइबर थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई है। मामला थाना धूमनगंज क्षेत्र के सुलेम सराय का है। पीड़ित शशिकांत मिश्रा पुत्र निवासी भोला का पूरा, सुलेम सराय धूमनगंज ने बताया कि वे वर्ष 2023 में सेना से कैप्टन पद से सेवानिवृत्त हुए थे और वर्तमान में एक निजी अस्पताल में आउटसोर्सिंग के तहत कार्यरत हैं। उन्होने बताया कि उनके मोबाइल पर न्यू बेरी ग्रुप के नाम से एक लिंक आया। लिंक पर क्लिक करने के बाद राजेश मोदी और मीना जोशी नामक व्यक्तियों ने कॉल कर संपर्क किया। जालसाजों ने खुद को निवेश सलाहकार बताते हुए आईपीओ में गारंटीड अलॉटमेंट और दोगुना रिटर्न का दावा किया। झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग तारीखों में कुल 13,97,499 रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। पीड़ित को जालसालों के द्वारा बनाए गए फर्जी ऐप/पोर्टल पर आईपीओ की वैल्यू 64 लाख रुपये तक बढ़ती हुई दिखाई गई। इतना ही नहीं, जालसाजों ने पीड़ित को 8 लाख रुपये का लोन देने का भी लालच दिया गया। लेकिन जब पीड़ित ने निवेश की रकम निकालने की कोशिश की तो “विथड्रॉल ऑप्शन” बंद कर दिया गया। इसके बाद जालसाजों ने कहा कि पहले 8 लाख रुपये का लोन चुकाना होगा, तभी निकासी संभव होगी। यहीं से पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 01, 2026, 17:43 IST
Cyber Fraud Case : साइबर ठगों ने रिटायर्ड कैप्टन को लगाया 13.97 लाख का चूना, एफआईआर दर्ज #CityStates #Prayagraj #CyberCrime #FraudCase #CyberCrimePolice #SubahSamachar
