Hathras: सिक्कों की कालाबाजारी का भंडाफोड़, पुस्तक विक्रेता के यहां से मिले 35 लाख के सिक्कों से भरे 66 बोरे
हाथरस शहर के बीचों-बीच हनुमान गली में बड़े पैमाने पर चल रहे सिक्कों की कालाबाजारी के काले कारोबार का प्रशासन ने भंडाफोड़ किया है। गोपनीय सूचना के आधार पर एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह की अगुवाई में कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने हनुमान गली स्थित पुस्तक विक्रेता सोनू समाधिया पुत्र नवीन समाधिया के ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस और प्रशासनिक टीम ने सबसे पहले नयागंज स्थित दुकान पर तलाशी ली, जिसके बाद हनुमान गली स्थित उसके मकान पर धावा बोला। मौके से 5 और 10 रुपये के सिक्कों का भारी जखीरा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। मकान और दुकान से सिक्कों से भरे 66 बोरे बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है। शुरूआती जांच में सामने आया है कि यहां 5 व 10 रुपये के सिक्कों का लेन-देन गिनती से नहीं बल्कि तोल के हिसाब से किया जाता था। प्राथमिक पड़ताल के अनुसार इन सिक्कों को बड़ी मात्रा में जमा कर दिल्ली भेजा जा रहा था। प्रशासन अब इस बिंदु पर भी गहनता से जांच कर रहा है कि कहीं इन सिक्कों को गलाने के उद्देश्य से तो इकट्ठा नहीं किया जा रहा था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और बरामद सिक्कों की गिनती व कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 01, 2026, 18:46 IST
Hathras: सिक्कों की कालाबाजारी का भंडाफोड़, पुस्तक विक्रेता के यहां से मिले 35 लाख के सिक्कों से भरे 66 बोरे #CityStates #Hathras #UttarPradesh #Coin #BlackMarketing #HathrasNews #NayaGanjHathras #SubahSamachar
