Una News: बधमाना-जल्लो दी बड़ मार्ग पर पलटी कार
भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के बधमाना-जल्लो दी बड़ मुख्य सड़क डंगा टूटने के कारण मार्ग लंबे समय से बंद है जिससे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच शनिवार सुबह वैकल्पिक मार्ग से गुजर रही एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।जानकारी के अनुसार, बधमाना-जल्लो दी बड़ मुख्य सड़क डंगा ढहने के कारण पूरी तरह बंद हो चुकी है। सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि यहां से दोपहिया वाहन निकालना भी जोखिम भरा साबित हो सकता है। मुख्य मार्ग बंद होने के चलते लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है, जहां सड़कें संकरी और चुनौतीपूर्ण होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क के मरम्मत कार्य की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़क को बहाल करने की मांग की है। बधमाना पंचायत की प्रधान राधा रानी ने बताया कि मुख्य सड़क पर ढहे डंगे की समस्या को गंभीरता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस विषय को लेकर विधायक बबलू से मुलाकात कर सड़क की शीघ्र मरम्मत और यातायात बहाली की मांग की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 06, 2026, 23:09 IST
Una News: बधमाना-जल्लो दी बड़ मार्ग पर पलटी कार #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
