भारत आ रहीं BYD की लग्जरी इलेक्ट्रिक गाड़ियां: डेंजा D9 और Z9 GT में क्या होगा खास? जानें कीमत व रेंज की डिटेल
इलेक्ट्रिक कार में ज्यादा लग्जरी, बेहतर प्रदर्शन और प्रीमियम सुविधाएं चाहने वाले कार लवर्स के लिए भारतीय बाजार में एक नया और शानदार विकल्प आने वाला है। बीवाईडी 13 नवंबर 2026 को अपना लग्जरी कार ब्रांड डेंजा (Denza) भारत में लॉन्च करने जा रही है। यह नया ब्रांड कंपनी की उन गाड़ियों से ऊपर होगा, जिन्हें बीवाईडी पहले से ही भारत में बेच रही है। हालांकि कंपनी ने अभी तक यह आधिकारिक तौर पर नहीं बताया है कि भारत में कौन-से मॉडल लॉन्च किए जाएंगे, लेकिन उम्मीद है कि शुरुआती मॉडलों में डेंजा D9 लग्जरी एमपीवी और डेंजा Z9 GT इलेक्ट्रिक शूटिंग ब्रेक शामिल हो सकते हैं। भारत में कब देगी दस्तक बीवाईडी 13 नवंबर 2026 को भारत में अपने लग्जरी ब्रांड डेंजा पेश करने की तैयारी में है। डेंजा को बीवाईडी के मौजूदा मॉडल्स से ऊपर रखा जाएगा। इसका फोकस प्रीमियम इलेक्ट्रिक कारों पर होगा, जहां लग्जरी फीचर्स और दमदार प्रदर्शन को खास महत्व दिया जाता है। हालांकि, अभी कंपनी ने भारत के लिए मॉडल रेंज, कीमतों, बुकिंग शुरू होने की तारीख और उपलब्धता से जुड़ी कोई भी जानकारी साझा नहीं की है। ऐसे में D9 और Z9 GT को लेकर सामने आई जानकारियों को फिलहाल संभावित तौर पर ही देखना सही होगा। पुख्ता जानकारी के लिए आधिकारिक एलान का इंतजार करना हो सकता है। डेंजा डी9: क्या मिलेगा इसमें खास डेंजा डी9 एक लग्जरी एमपीवी सेगमेंट में आएगी। यह उन ग्राहको को आकर्षित कर सकती है, जो बड़ी कार में ज्यादा जगह, आराम और प्रीमियम अनुभव चाहते हैं। भारत में इसकी संभावित कीमत 85 लाख से 90 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच हो सकती है। बैटरी, पावर और रेंज ग्लोबल मॉडल्स से जुड़े उपलब्ध जानकारी के अनुसार D9 में 103kWh बैटरी मिलने की उम्मीद है। इसमें फ्रंट-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर हो सकती है, जो अधिकतम 313hp पावर और 360Nm का पीक टॉर्क पैदा करती है। इसकी दावा की गई WLTP यानी वर्ल्डवाइड हार्मोनाइज्ड लाइट व्हीकल टेस्ट प्रोसीजर रेंज 520 किलोमीटर है। हालांकि, भारत में आने वाले मॉडल की बैटरी, पावर और रेंज की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। किन कारों को देगी टक्कर अगर डेंजा डी9 भारत में इसी संभावित कीमत के साथ आती है, तो इसका मुकाबला टोयोटा वेलफायर और एमजी एम9 जैसी लग्जरी एमपीवी से हो सकता है। इस सेगमेंट में जगह, बैठने का आराम और प्रीमियम सुविधाएं ग्राहकों के फैसले में अहम भूमिका निभाती हैं। डेंजा Z9 GT: चार दरवाजों वाली दमदार इलेक्ट्रिक कार अगर डेंजा Z9 GT की बात करें तो यह उन लोगों का ध्यान खींच सकती है, जो लग्जरी के साथ तेज रफ्तार और अलग डिजाइन वाली इलेक्ट्रिक कार चाहते हैं। यह चार-दरवाजों वाले शूटिंग ब्रेक डिजाइन के साथ आती है। इसका लुक पारंपरिक सेडान से अलग है और इसे प्रदर्शन-केंद्रित लग्जरी EV के तौर पर पेश किया जाता है। भारत में इसकी संभावित एक्स-शोरूम कीमत 1.2 करोड़ से 1.5 करोड़ रुपये के बीच हो सकती है। 1,156hp तक की पावर और ट्राई-मोटर सेटअप अपने ग्लोबल-स्पेक के अनुसार डेंजा जेड9 जीटी में 122.5kWh बैटरी और ट्राई-मोटर पावरट्रेन मिलता है। वेरिएंट के आधार पर इसकी पावर 1,140hp से 1,156hp के बीच है। कंपनी के ग्लोबल मॉडल के लिए बताई गई वर्ल्डवाइड हार्मोनाइज्ड लाइट व्हीकल टेस्ट प्रोसीजर रेंज 600 किलोमीटर है। वहीं, यह 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार 2.7 सेकंड में पकड़ सकती है। ये आंकड़े जेड9 जीटी को प्रदर्शन के लिहाज से एक दमदार लग्जरी ईवी बनाते हैं। हालांकि, भारत में लॉन्च होने वाले मॉडल में यही बैटरी, पावरट्रेन और प्रदर्शन के आंकड़े मिलेंगे या नहीं, इसकी पुष्टि अभी बाकी है। ऊपर बताए गए यह सभी आंकड़ें संभावित है, पुख्ता जानकारी के लिए कंपनी की ओर से आधिकारिक एलान का इंतजार करना पड़ सकता है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 24, 2026, 09:34 IST
भारत आ रहीं BYD की लग्जरी इलेक्ट्रिक गाड़ियां: डेंजा D9 और Z9 GT में क्या होगा खास? जानें कीमत व रेंज की डिटेल #Automobiles #National #SubahSamachar
