Kangra News: धर्मशाला नगर निगम पर भाजपा का कब्जा, शमशेर मेयर और प्रेरणा बनीं डिप्टी मेयर

धर्मशाला। नगर निगम धर्मशाला में पिछले दो दिनों से जारी हाई-वोल्टेज सियासी ड्रामा बुधवार को भाजपा के कब्जे के साथ समाप्त हो गया। शहर के नए मेयर पद पर शमशेर नैहरिया और डिप्टी मेयर पद पर प्रेरणा गुलेरिया ने जीत दर्ज की है। इस रणनीतिक जीत के साथ भाजपा ने नगर निगम की सत्ता पर अपनी पकड़ बेहद मजबूत कर ली है। चुनाव को लेकर राजनीतिक गलियारों में विभिन्न समीकरणों और संभावित उम्मीदवारों को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर अब विराम लग गया है। बुधवार को डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा की अध्यक्षता में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस चुनाव में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने पूरी प्रक्रिया से दूरी बनाए रखी और अपना कोई भी उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारा। हालांकि, सकोह वार्ड से एक निर्दलीय प्रत्याशी ने मैदान में उतरकर मुकाबले को औपचारिक रूप दिया, लेकिन भाजपा समर्थित पार्षदों के एकमत समर्थन के आगे विपक्षी खेमा टिक नहीं सका और भाजपा ने दोनों पदों पर कब्जा कर लिया।नगर निगम धर्मशाला के पांचवें मेयर के रूप में कार्यभार संभालने वाले शमशेर नैहरिया और डिप्टी मेयर प्रेरणा गुलेरिया के कंधों पर अब अगले पांच वर्षों तक शहर के विकास, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को संवारने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। नई टीम के गठन के बाद धर्मशाला के स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि क्षेत्र के लंबित पड़े विकास कार्यों को अब तेजी से गति मिलेगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 01, 2026, 17:54 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kangra News: धर्मशाला नगर निगम पर भाजपा का कब्जा, शमशेर मेयर और प्रेरणा बनीं डिप्टी मेयर #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar