Sonipat News: भालौठ सब ब्रांच नहर विवाद का हुआ समाधान, किसानों ने समाप्त किया धरना

गोहाना। सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा की पहल पर भालौठ सब ब्रांच नहर के जीर्णोद्धार को लेकर किसानों और सिंचाई विभाग के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद आखिरकार समाप्त हो गया। डॉ. अरविंद शर्मा की मध्यस्थता से दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद किसानों ने अपना धरना समाप्त करने की घोषणा की।गोहाना स्थित सिंचाई विश्राम गृह में धरनारत किसानों का प्रतिनिधिमंडल और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ शुक्रवार देर रात हुई बैठक में किसानों की प्रमुख मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया गया। इसके बाद नहर के जीर्णोद्धार कार्य का रास्ता साफ हो गया। बैठक के बाद डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि नहर की दोनों साइड की लाइनिंग को कंक्रीट से पक्का किया जाएगा। साथ ही नहर के तल (बैड) को दोनों किनारों से 10-10 फुट तक मजबूत बनाया जाएगा। नहर के मध्य भाग में सीसी ब्लॉक लगाए जाएंगे, जिससे भूजल का प्राकृतिक रिचार्ज लगातार बना रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां-जहां पुराने सीसी ब्लॉक क्षतिग्रस्त हैं केवल उन्हीं को बदला जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों और क्षेत्र की जल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह सर्वसम्मत समाधान निकाला गया है। 25 किलोमीटर नहर के जीणोद्धार से 33 गांवों के किसानों को सिंचाई व्यवस्था का लाभ मिलेगा। डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि निर्माण कार्य में पारदर्शिता और समन्वय बनाए रखने के लिए किसानों की एक समिति गठित की जाएगी। यह समिति सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ तालमेल बनाकर सहमति के अनुरूप कार्यों की निगरानी करेगी ताकि किसी प्रकार की शिकायत की गुंजाइश न रहे। बैठक में सिंचाई विभाग के एसई सतपाल दलाल, एक्सईएन राजीव राठी, एसडीओ अक्षय तथा भाजपा नेता नरेंद्र गहलावत भी मौजूद रहे।मुख्यमंत्री और सिंचाई मंत्री का जताया आभारकैबिनेट मंत्री ने इस समाधान के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के सकारात्मक दृष्टिकोण और संवेदनशील नेतृत्व के कारण किसानों की भावनाओं का सम्मान करते हुए सर्वमान्य समाधान संभव हो सका।धरना स्थल पर पहुंचकर किसानों को दी समझौते की जानकारीबैठक के बाद किसान प्रतिनिधियों ने धरना स्थल पर पहुंचकर समझौते के बिंदुओं की जानकारी किसानों को दी। चौगामा प्रधान प्रेम नंबरदार, कप्तान जौली, लाठ गांव के सरपंच राजबीर, पूर्व सरपंच श्रीभगवान और भारतीय किसान यूनियन के नेता सत्यवान नरवाल ने किसानों को सहमति से अवगत कराया। इसके बाद किसानों ने धरना समाप्त करने की घोषणा कर दी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 06, 2026, 19:10 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Sonipat News: भालौठ सब ब्रांच नहर विवाद का हुआ समाधान, किसानों ने समाप्त किया धरना #BhalautSubBranchCanalDisputeResolved #FarmersEndProtest #SubahSamachar