Delhi: पहचान बदलकर भारतीय पासपोर्ट हासिल किया, अफगान नागरिक की दुबई भागने की कोशिश नाकाम, एयरपोर्ट पर पकड़ा
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने फर्जी पहचान के जरिए भारतीय पासपोर्ट बनवाकर दुबई जाने की कोशिश कर रहे एक अफगान नागरिक को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार 20 जुलाई की शाम सात बजे यूसुफ अब्दुल गफ्फार हजरत नाम का एक यात्री भारतीय पासपोर्ट लेकर दुबई जाने के लिए आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचा। उसका पासपोर्ट में पता हावड़ा, पश्चिम बंगाल का था। अधिकारियों को उसकी पहचान पर संदेह हुआ। तलाशी में उसके पास से अफगानी पासपोर्ट मिला, जिससे पता चला कि उसका असली नाम हजरत यूसुफ है। रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि वह 2021 में मेडिकल वीजा पर भारत आया था और उसका भारत से बाहर जाने का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने फर्जी दस्तावेजों के जरिए भारतीय पासपोर्ट हासिल कर भारतीय नागरिक बनकर विदेश जाने की कोशिश की। इमिग्रेशन अधिकारियों ने उसे एयरपोर्ट थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने फर्जीवाड़े का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीसीपी विचित्र वीर के अनुसार, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किन दस्तावेजों व किस नेटवर्क की मदद से पासपोर्ट बना और इस फर्जीवाड़े में कितने लोग शामिल हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 24, 2026, 14:10 IST
Delhi: पहचान बदलकर भारतीय पासपोर्ट हासिल किया, अफगान नागरिक की दुबई भागने की कोशिश नाकाम, एयरपोर्ट पर पकड़ा #CityStates #DelhiNcr #DelhiIgiAirport #DelhiPolice #DelhiCrime #DelhiHindiNews #SubahSamachar
