Delhi: लोकनायक अस्पताल में कर्मचारी समय पर नहीं पहुंचे तो होगी कार्रवाई, अब नहीं सुने जाएंगे बहाने
बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ लोकनायक अस्पताल प्रशासन कार्रवाई की तैयारी में है। प्रशासन ने कर्मचारियों की समयपालन संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपस्थिति व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। इस संबंध में अस्पताल प्रशासन ने आदेश जारी किया है। समय पर अस्पताल नहीं पहुंचने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा निर्धारित समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने की शिकायतें आ रही थीं। अस्पताल के चिकित्सा निदेशक ने इस स्थिति पर नाराजगी जताई है। अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अस्पताल परिसर में स्थापित फेशियल रिकॉग्निशन अटेंडेंस सिस्टम (एफआरएएस) के माध्यम से नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज करनी होगी। इसके साथ ही उपस्थिति रजिस्टर में मैनुअल एंट्री भी करनी होगी। अस्पताल में स्थापित किसी भी एफआरएएस मशीन पर उपस्थिति दर्ज करवा सकेंगे। आदेश में सभी विभागाध्यक्षों, शाखा प्रभारियों और यूनिट प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि उनके अधीन कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी का एफआरएएस पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उपस्थिति दर्ज न करने के बहाने नहीं होंगे स्वीकार भविष्य में एफआरएएस में उपस्थिति दर्ज न करने या समय संबंधी किसी भी प्रकार के बहाने को स्वीकार नहीं किया जाएगा। आदेश में कहा गया है कि प्रशासनिक, चिकित्सा, पैरामेडिकल, नर्सिंग और अन्य कर्मचारियों के कार्यालय समय दिल्ली सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार ही रहेंगे। अस्पताल प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेशों की अवहेलना को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 11, 2026, 01:56 IST
Delhi: लोकनायक अस्पताल में कर्मचारी समय पर नहीं पहुंचे तो होगी कार्रवाई, अब नहीं सुने जाएंगे बहाने #CityStates #DelhiNcr #Delhi #LokNayakHospital #SubahSamachar
