यूपी: भाजपा नेता के फार्म हाउस से कर्मचारी लापता, हत्या का शक; यमुना किनारे मिले कपड़े और मोबाइल

आगरा के फाउंड्री नगर (थाना एत्माद्दाैला) स्थित भाजपा नेता रामवीर सिसोदिया के फार्म हाउस से 55 वर्षीय कर्मचारी राजवीर लापता हो गया है। वह 19 साल से काम कर रहा था। परिजन ने अपहरण कर हत्या की आशंका जाहिर की है। रविवार को थाना प्रभारी ने 50 पुलिसकर्मियों के साथ फार्म हाउस में दबिश दी मगर भाजपा नेता सहित अन्य आरोपियों का पता नहीं चला है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। कुशवाह काॅलोनी, भिंड, मध्य प्रदेश निवासी जितेंद्र शर्मा ने बताया कि उनके चाचा राजवीर उर्फ राजू 19 साल से शोभा नगर निवासी रामवीर सिसोदिया के फार्म हाउस में रहकर उनका घरेलू कार्य करते थे। जुलाई में अंतिम बार उनसे बात हुई थी। उनकी मां का देहांत 28 जून को हो गया था। तब उन्हें तेरहवीं की जानकारी दी थी। उन्होंने यही कहा था कि मालिक छुट्टी देंगे तो आ जाएंगे। वह परेशान लग रहे थे। जितेंद्र ने बताया कि रामवीर सिसोदिया ने 2 अक्तूबर को फोन किया। बताया कि 1 अक्तूबर से राजवीर लापता हैं। उनका मोबाइल और कपड़े यमुना किनारे पर मिले हैं। उन्होंने संभालकर रखा है। इस पर वो फार्म हाउस पहुंचे। आरोप है कि रामवीर, उनके भाई बृजमोहन उर्फ बिरजू, उनका बेटा अशोक उर्फ आशु, प्रेमशंकर, दूसरे नाैकर मनोज बघेल ने सही जवाब नहीं दिया बल्कि गाली देना शुरू कर दिया। भतीजे का कहना है कि उनके चाचा को इन्हीं लोगों ने गायब कर दिया है। उनके साथ अनहोनी की आशंका है। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों का है आपराधिक इतिहास थाना प्रभारी ने रामवीर सहित अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला। पता चला कि रामवीर पर 5 मामले दर्ज हैं। वर्ष 2009 में डकैती, वर्ष 2010 में अपहरण व डकैती, चाैथ मांगने सहित अन्य मामले दर्ज हैं। उसके अलावा बृजमोहन पर छेड़छाड़, सामूहिक दुष्कर्म, धोखाधड़ी के तीन, अशोक पर उत्तर प्रदेश खनिज नियमावली, सामूहिक दुष्कर्म, डकैती, अपहरण सहित पांच और प्रेम शंकर पर 3 मामले दर्ज हैं। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि अपहरण, बलवा सहित अन्य धारा में प्राथमिकी दर्ज है। आरोपियों के फार्म हाउस पर कमरों की तलाशी ली गई लेकिन लापता राजवीर के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। आरोपी रामवीर, बृजमोहन, अशोक, प्रेमशंकर और मनोज भाग गए हैं। तलाश की जा रही है। फार्म हाउस में कोई नहीं था। घर में महिलाएं ही थीं। आरोपी के आपराधिक इतिहास का भी पता चला है। भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने बताया कि रामवीर सिसोदिया पहले मंडल स्तर के पदाधिकारी थे। मौजूदा समय में उनके पास कोई दायित्व नहीं है। उनके व्यक्तिगत कामकाज पर पार्टी स्तर से कुछ कहा नहीं जा सकता। वहीं भाजपा महानगर उपाध्यक्ष राजू परमार ने बताया कि रामवीर सिसोदिया नाम का कोई पदाधिकारी नहीं है। न ही पार्टी का उससे कोई सरोकार नहीं है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 05, 2026, 05:02 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




यूपी: भाजपा नेता के फार्म हाउस से कर्मचारी लापता, हत्या का शक; यमुना किनारे मिले कपड़े और मोबाइल #CityStates #Agra #UttarPradesh #BjpLeader #Farmhouse #MissingEmployee #Rajveer #Etmaduddaula #YamunaRiver #MurderSuspicion #SubahSamachar