भिवानी: 5 माह की फीस बकाया, 10वीं की छात्रा का स्कूल से नाम काटा, पिता ने डीसी व समाधान शिविर में लगाई गुहार
भिवानी के एक निजी स्कूल में पांच माह की फीस बकाया होने पर दसवीं कक्षा की 15 वर्षीय छात्रा का नाम काट दिया गया है। छात्रा के पिता ने उपायुक्त और समाधान शिविर में शिकायत देकर बेटी को दोबारा स्कूल में दाखिला दिलाने और स्कूल प्रबंधन व प्राचार्य के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। दिनोद रोड स्थित शास्त्री नगर कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने शिकायत में बताया कि उसकी बेटी निजी स्कूल में दसवीं कक्षा की छात्रा है। वह खुद भी 23 जून 2025 से 30 मई 2026 तक इसी विद्यालय में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत था। विद्यालय की स्टाफ नीति के तहत उससे 9460 रुपये जमा करवाए गए थे जबकि शेष फीस माफ कर दी गई थी। आरोप है कि नौकरी से हटाए जाने के बाद बेटी की बकाया फीस को लेकर उस पर दबाव बनाया जाने लगा। 14 अक्तूबर को विद्यालय की ओर से नोटिस जारी कर बेटी का रोल नंबर रोकने और नाम काटने की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद दो नवंबर को जब बेटी स्कूल पहुंची तो उसे नाम काटे जाने की जानकारी दी गई। पिता ने आरोप लगाया कि पहले उसे नौकरी से निकाला गया और अब फीस जमा नहीं होने पर उसकी बेटी को भी प्रताड़ित किया जा रहा है। स्कूल प्रबंधन का पक्ष : फीस जमा कराने पर दोबारा मिलेगा दाखिला विद्यालय की प्राचार्य कमला गुरेजा ने बताया कि दसवीं की छात्रा को मई तक फीस में छूट दी गई थी। जून और जुलाई तक भी बच्ची को फीस माफी का लाभ दिया गया। इसके बाद अगस्त से बकाया फीस जमा कराने के लिए अभिभावक को बार-बार नोटिस भेजे गए लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसी के चलते बच्ची का नाम विद्यालय से काट दिया गया है। अभिभावक बकाया फीस जमा कराते हैं तो छात्रा को दोबारा दाखिला दे दिया जाएगा। - कमला गुरेजा, प्राचार्य, निजी स्कूल, भिवानी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 06, 2026, 07:08 IST
भिवानी: 5 माह की फीस बकाया, 10वीं की छात्रा का स्कूल से नाम काटा, पिता ने डीसी व समाधान शिविर में लगाई गुहार #CityStates #Crime #Bhiwani #Haryana #SubahSamachar
