Chamba News: युवाओं ने हटाया मलबा, दोपहिया वाहनों के लिए खोला रास्ता

खज्जियार (चंबा)। लगातार बारिश के बाद बंद पड़े साच-पंजियारा मार्ग को स्थानीय युवाओं ने अपने प्रयासों से आंशिक रूप से बहाल कर दिया। सड़क पर जमा पत्थर और मलबा हटाकर उन्होंने दोपहिया वाहनों की आवाजाही के लिए रास्ता तैयार कर दिया। मंगलवार सुबह जब स्थानीय युवा बाइक लेकर मार्ग पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि भारी बारिश के कारण सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर और मिट्टी जमा हो गई है, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था। इसके बाद युवाओं ने पैदल निकलने के बजाय स्वयं ही मार्ग को बहाल करने का निर्णय लिया। सुबह से दोपहर तक युवा सड़क से पत्थर और मलबा हटाने में जुटे रहे। कई घंटों की मेहनत के बाद उन्होंने बाइकों के गुजरने लायक रास्ता तैयार कर दिया। युवा आशीष, आदित्य, विशाल, राकेश, मनु, रोहित और साहिल ने बताया कि सोमवार रात हुई भारी बारिश के कारण यह मार्ग बंद हो गया था। फिलहाल इस मार्ग से बाइकें आसानी से गुजर रही हैं, जबकि बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू होने में अभी कुछ समय लग सकता है। स्थानीय लोगों ने युवाओं के इस प्रयास की सराहना की है। संवाद

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 28, 2026, 16:38 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Chamba News: युवाओं ने हटाया मलबा, दोपहिया वाहनों के लिए खोला रास्ता #YouthsClearedTheDebrisAndOpenedThePathForTwo-wheelers. #SubahSamachar