Sonipat News: पीएम विकसित भारत रोजगार योजना से युवाओं को मिलेंगे नए अवसर
सोनीपत। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (पीएम-वीबीआरवाई) के अंतर्गत शुक्रवार को विज्ञान भवन से प्रधानमंत्री की ओर से प्रोत्साहन राशि वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया वहीं कुंडली एचएसआईडीसी ऑडिटोरियम में विधायक कृष्णा गहलावत मुख्य अतिथि के रूप में वर्चुअल माध्यम से शामिल हुईं। विधायक कृष्णा गहलावत ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना केवल आर्थिक सहायता देने की योजना नहीं है बल्कि यह युवाओं के सपनों को नई दिशा देने और देश के आर्थिक विकास को गति प्रदान करने की पहल है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उद्योगों को अधिक मजबूत बनाना है। योजना के तहत पहली बार नौकरी पाने वाले पात्र युवाओं को 15 हजार रुपये तक की सहायता राशि सीधे बैंक खातों में भेजी जा रही है। कार्यक्रम में बताया गया कि रोजगार सृजन में उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए नियोक्ताओं को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है। योजना के तहत प्रति कर्मचारी तीन हजार रुपये प्रतिमाह तक सहायता दी जाएगी। विधायक कृष्णा गहलावत ने कहा कि हरियाणा में भी योजना का व्यापक प्रभाव दिखाई दे रहा है। बताया गया कि प्रदेश के 51 हजार से अधिक युवाओं और 3500 से ज्यादा नियोक्ताओं को योजना का लाभ मिल रहा है इस चरण में लगभग 165 करोड़ रुपये की राशि वितरित की जा रही है। इस दौरान रीजनल पीएफ कमिश्नर रणवीर कुमार, वैभव सिंह, संजय नारंग, प्रदीप, पुनीत, आशीष गुप्ता, कुलदीप नांगल, सुभाष गुप्ता भी उपस्थित रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 19, 2026, 20:48 IST
Sonipat News: पीएम विकसित भारत रोजगार योजना से युवाओं को मिलेंगे नए अवसर #YouthToGetNewOpportunitiesThroughPMViksitBharatRozgarYojana. #SubahSamachar
