युवा नशे से रहें दूर, शिक्षा और खेल में लगाएं ऊर्जा : पठानिया
धर्मशाला। उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में लगाने का आह्वान किया है। वे अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर धर्मशाला डिग्री कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय युवा सम्मेलन को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। हेल्दी च्वाइस फॉर ब्राइट फ्यूचर थीम पर आयोजित इस सम्मेलन में जिला के करीब 100 शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली और नशा मुक्ति पर अपने विचार रखे। सम्मेलन का आयोजन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, डिग्री कॉलेज धर्मशाला, अनुभव ट्रस्ट और गूंजन संस्था के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर मुख्यातिथि ने युवाओं की ओर से लगाई गई प्रतिभा प्रदर्शनी का अवलोकन किया और अनुभव ट्रस्ट का विधिवत शुभारंभ किया। साथ ही उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से आयोजकों को एक लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की। समारोह में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके सूद, कॉलेज प्राचार्य राकेश पठानिया, गूंजन संस्था के संदीप परमार, अनुभव ट्रस्ट के संदीप मेहता, चंद्रलेखा डढवाल और जिला कल्याण अधिकारी साहिल मांडला सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।पठानिया ने कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए समाज को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार ने नशा उन्मूलन को अपनी प्राथमिकता में शामिल किया है। आज के युवा ही कल राष्ट्र का करेंगे नेतृत्वउप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि युवाओं की अपार क्षमता, प्रतिभा और सामाजिक जिम्मेदारियों को पहचानने का विशेष अवसर है। आज के युवा ही कल के समाज और राष्ट्र का नेतृत्व करेंगे। इसलिए युवाओं को अनुशासित, स्वस्थ और जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए केवल सरकार ही नहीं, बल्कि परिवार, शिक्षण संस्थानों और पूरे समाज को एकजुट होकर दिशा देनी होगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 12, 2026, 19:26 IST
युवा नशे से रहें दूर, शिक्षा और खेल में लगाएं ऊर्जा : पठानिया #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar
