Haldwani: गौलापार में मूए थाई चैंपियनशिप का आगाज, 883 खिलाड़ी और प्रशिक्षक ले रहे हिस्सा

हल्द्वानी केगौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में सातवीं नेशनल यूथ मुए थाई चैंपियनशिप 2026 मंगलवार से शुरू हो गई। खेल मंत्री रेखा आर्या ने इसका शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के 883 खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक के अलावा 100 से अधिक रेफरी हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन मेघालय के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। खेल मंत्री ने कहा कि मुए थाई खेल भारत में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और उत्तराखंड के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। इस अवसर पर मेघालय की स्टार खिलाड़ी अल्फोंसा जिनिया और उत्तराखंड की पदक विजेता प्रज्ञा जोशी को सम्मानित किया गया। मुए थाई एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष सतीश जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन मेघालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई मुकाबले अपने नाम किए। मेजबान उत्तराखंड के दो खिलाड़ी सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं। सात खिलाड़ियों ने भी जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। उद्घाटन समारोह में उत्तराखंड की पारंपरिक लोक संस्कृति की झलक भी देखने के लिए मिली। उत्तराखंड राज्य खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप सिंह बुटोला ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित करने पर आयोजन समिति की सराहना की। उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज वर्मा, महासचिव श्रीराम चौधरी, उपनिदेशक खेल रशिका सिद्दीकी, जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत, आयोजन सचिव नीलेश जोशी आदि मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 03, 2026, 08:32 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Haldwani: गौलापार में मूए थाई चैंपियनशिप का आगाज, 883 खिलाड़ी और प्रशिक्षक ले रहे हिस्सा #CityStates #Nainital #UttarakhandNews #UkNews #HaldwaniNews #IndiraGandhiInternationalStadium #MuayThaiChampionship #SubahSamachar