Fatehabad: युवक की तेजधार हथियारों से हमला करके हत्या, भतीजे के जन्म पार्टी में शामिल होने आया था मृतक
गुरुग्राम से अपने भतीजा के जन्मोत्सव के कार्यक्रम में आए युवक की मंगलवार देर रात बदमाशों ने तेजधार हथियारों से हमला करके हत्या कर दी। घटना बाइक पर जा रहे युवक को कुछ लोगों ने घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उस पर तेजधार हथियारों से कई वार किए। इतना ही नहीं, हमलावरों ने उस पर गाड़ी भी चढ़ा दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। डीएसपी नरसिंह और सीआईए टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या का आरोप विक्रम भांभू गैंग के सदस्यों पर लगा है। बताया जा रहा है कि गैंग को शक था कि युवक उनकी गतिविधियों की मुखबिरी करता था। मामले के मुताबिक भूना के वार्ड नंबर 5 निवासी सचिन कुमार (23) मंगलवार रात साढ़े 10 बजे अपने साथी के साथ बाइक पर भूना शहर में जा रहा था। इसी दौरान शहीद उधम सिंह चौक के पास से भांभू गैंग के बदमाशों ने उसका पीछा शुरू कर दिया। आरोप है कि वाल्मीकि चौक पर बदमाशों ने उसे घेर लिया और जबरन अपने साथ ले गए। इसके बाद हिसार रोड पर ले जाकर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। हमलावरों ने उसके हाथ-पैर तोड़ दिए और गर्दन व छाती पर तेजधार हथियारों से कई वार किए। आरोप है कि वारदात के बाद बदमाशों ने उसके ऊपर गाड़ी भी चढ़ा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने डायल-112 पर सूचना दी। मामले में भूना पुलिस ने पिता राजबीर की शिकायत पर आरोपी 10 नामजद समेत 25 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गुरूग्राम में कर रहा था नौकरी परिवार के मुताबिक सचिन के पिता राजबीर सिंह मजदूरी करते हैं। परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। सचिन तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। सबसे बड़ी बहन है, जबकि सबसे छोटा भाई सुनील कुमार है। तीनों अविवाहित हैं। सचिन पहले भूना कॉलेज में बीए की पढ़ाई कर रहा था। बाद में उसने पढ़ाई बीच में छोड़ दी और गुरुग्राम की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करने लगा था।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 03, 2026, 09:55 IST
Fatehabad: युवक की तेजधार हथियारों से हमला करके हत्या, भतीजे के जन्म पार्टी में शामिल होने आया था मृतक #CityStates #Fatehabad #Haryana #Jhajjar/bahadurgarh #SubahSamachar
