Bareilly News: बिहार का चंदन साइबर ठगों को मुहैया कराता था बैंक खाता, पुलिस ने किया गिरफ्तार

बरेली में एक महिला ने खुद को सैन्य अधिकारी बताकर एक सेवानिवृत्त सैनिक से ऑनलाइन दोस्ती की और जमीन के कारोबार के बहाने नौ लाख आठ हजार रुपये ठग लिए। इस मामले में साइबर क्राइम पुलिस ने बिहार निवासी चंदन दास को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है। यह मामला दिसंबर 2025 का है। फरीदपुर के ताज कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त सैनिक रामप्रताप ने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक महिला ने व्हाट्सएप पर उनसे दोस्ती की और चैटिंग शुरू कर दी। महिला ने खुद को भारतीय सैन्य अधिकारी बताया और अपनी तैनाती विदेश में बताई थी। उसने भारत आकर जमीनों की खरीद-फरोख्त का कारोबार करने का झांसा दिया। इसके बाद महिला ने रामप्रताप से नौ लाख आठ हजार रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर करा लिए। साइबर क्राइम थाना पुलिस ठगों की तलाश कर रही थी। पुलिस की जांच में बिहार के बेगूसराय लाखन पट्टी निवासी मनीष दास और दरभंगा बहेरी बालगांव निवासी चंदन कुमार दास को चिह्नित किया गया। साइबर थाना इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि मनीष दास गिरफ्तारी के डर से कोर्ट में हाजिर हो गया था। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने सोमवार को हरियाणा गुरुग्राम के पालम विहार में छिपे चंदन दास को गिरफ्तार कर लिया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 08, 2026, 02:44 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Bareilly News: बिहार का चंदन साइबर ठगों को मुहैया कराता था बैंक खाता, पुलिस ने किया गिरफ्तार #CityStates #Bareilly #UttarPradesh #CyberFraud #Crime #Police #CyberCrime #SubahSamachar