Basti News: मनोरमा नदी में नहाते समय युवक डूबा, दो घंटे बाद मिला शव

हर्रैया। कस्बे में पुराने पुल के पास मनोरमा नदी के घाट पर सोमवार शाम नहाने गए 27 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय गोताखोरों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गहरे पानी से शव बाहर निकाला। घटना से परिवार में मातम छा गया।कस्बे के मुरादीपुर निवासी महेंद्र सिंह सेना से सेवानिवृत्त हैं। उनका बेटा प्रशांत सिंह अपनी मां द्रोपदी सिंह के साथ गांव में बने मकान में रहता था। उसकी मां स्वास्थ्य विभाग में नर्स हैं। सोमवार शाम करीब तीन बजे प्रशांत बाइक से पुराने पुल के पास मनोरमा नदी के घाट पर पहुंचा। कुछ देर सीढ़ियों पर खड़े रहने के बाद उसने बाइक खड़ी की और कपड़े व चप्पल उतारकर नदी में छलांग लगा दी। नदी में पानी अधिक होने के कारण वह गहरे पानी में चला गया और डूबकर लापता हो गया। घाट के आसपास मौजूद बच्चों ने जब युवक को डूबते देखा तो आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घाट पर खड़ी बाइक के आधार पर युवक की पहचान की गई और घटना की सूचना चेयरमैन कौशलेंद्र प्रताप सिंह राजू व पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चेयरमैन अपने सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने युवक की तलाश के लिए उभाई गांव निवासी पूर्व प्रधान रामसागर को बुलाया। उन्होंने अपने दो साथियों शिव प्रसाद और रामगोपाल के साथ नदी में खोजबीन शुरू की। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद प्रशांत को गहरे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हादसा प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच-पड़ताल कर रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 20, 2026, 03:40 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »

Read More:
Basti news



Basti News: मनोरमा नदी में नहाते समय युवक डूबा, दो घंटे बाद मिला शव #BastiNews #SubahSamachar