Kushinagar News: झाड़-फूंक कराने किछौछा दरगाह गए युवक की संदिग्ध हालात में मौत

कसया। क्षेत्र के परेवाटार के 22 वर्षीय मेराज की शुक्रवार शाम अंबेडकरनगर के बसखारी क्षेत्र स्थित किछौछा दरगाह मैदान में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने प्रथमदृष्टया किसी जंतु के काटने की आशंका जताई है। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। मेराज को किडनी की बीमारी थी। वह गोरखपुर डायलिसिस कराने गया था। वहां से झाड़-फूंक दरगाह पर कराने चला गया था।घर वालों के अनुसार, मेराज करीब दो साल से किडनी की बीमारी से पीड़ित था। छह माह पहले जांच में दोनों किडनी खराब होने की जानकारी हुई थी। चिकित्सकों ने नियमित डायलिसिस कराने की सलाह दी थी। उसका गोरखपुर में इलाज चल रहा था। मेराज की मां ने बताया कि मेराज छह दिन पहले घर से निकला था। 18 अगस्त को गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में डायलिसिस कराने के बाद वह किछौछा दरगाह चला गया। पूछने पर वह अक्सर कहता था कि दरगाह पर उसे सुकून मिलता है। उसका वहां पहले से आना-जाना था। शुक्रवार की शाम किछौछा दरगाह मैदान में मेराज की तबीयत बिगड़ गई। कुछ ही देर में उसकी मौत की सूचना परिवार को मिली। गांव के कलामुद्दीन मास्टर और नूर मोहम्मद किछौछा रवाना हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया किसी जहरीले जंतु के काटने की आशंका है। शनिवार शाम मेराज का शव गांव लाया गया तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। देर शाम शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मेराज तीन भाइयों में सबसे छोटा और अविवाहित था। उसके बड़े भाई सरफराज और सेराज सऊदी अरब में रहते हैं। उसकी एक बहन भी है, जिसकी शादी हो चुकी है। युवक की मौत से परिवार के साथ ही गांव में भी मातम है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 23, 2026, 02:52 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »

Read More:
Kushinagar news



Kushinagar News: झाड़-फूंक कराने किछौछा दरगाह गए युवक की संदिग्ध हालात में मौत #KushinagarNews #SubahSamachar