ग्रेनो: 'बीजेपी नेता की वजह से आत्महत्या कर रहा हूं', कहकर टावर पर चढ़ गया युवक; घटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा
ग्रेटर नोएडा के सलारपुर गांव में बृहस्पतिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई। जब एक युवक जारचा कोतवाली पुलिस और स्थानीय नेता पर गंभीर आरोप लगाते हुए आत्महत्या करने की धमकी देकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने टावर पर चढ़ने से पहले एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिसमें उसने पुलिस और एक स्थानीय भाजपा नेता पर परेशान करने के आरोप लगाए है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। करीब साढ़े सात घंटे बाद युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतारा गया है। जानकारी के अनुसार सलारपुर गांव निवासी शिवम अपने परिवार के साथ गांव में रहता है। युवक के पिता किसान हैं। परिवार में चार भाई हैं और शिवम सबसे छोटा है। शिवम की अभी शादी नहीं हुई है। वह गांव में ही रहकर परिवार के साथ रहता है और इंटरमीडिएट तक पढ़ाई कर चुका है। बृहस्पतिवार दोपहर शिवम करीब 12 बजे उसने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। वीडियो में उसने जारचा पुलिस और एक स्थानीय नेता पर उत्पीड़न के आरोप लगाए। वीडियो वायरल होने के कुछ देर बाद वह गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और ऊपर से आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। युवक के टॉवर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। युवक टॉवर के ऊपर से लगातार पुलिस और नेताओं के खिलाफ बोलता रहा तथा नीचे उतरने से इनकार करता रहा। ग्रामीणों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। युवक को उतारने के लिए पहुंची एनडीआरएफ सूचना पर एसीपी प्रशाली गंगवार, जारचा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैलाश नाथ समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने युवक के परिजनों और गांव के लोगों की मदद से उसे समझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने युवक के करीबी लोगों को भी मौके पर बुलाया, ताकि बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतारा जा सके। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने एहतियात के तौर पर टावर के चारों ओर सुरक्षा जाल लगा दिया, जिससे किसी अप्रिय स्थिति में युवक को बचाया जा सके। करीब साढ़े सात घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान पुलिस, प्रशासन और ग्रामीण लगातार युवक को शांत करने में जुटे रहे। शाम करीब 7:30 बजे काफी समझाने-बुझाने के बाद युवक आखिरकार टावर से नीचे उतर आया। युवक के नीचे उतरते ही पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इसके बाद पुलिस युवक को अपने साथ ले गई और उससे पूछताछ की गई। जारचा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैलाश नाथ ने बताया कि युवक पूर्व में भी इसी तरह आत्महत्या की धमकी देकर टावर पर चढ़ चुका है। वह एक पुराने मामले में जेल भी जा चुका है। युवक नशे का आदी है और नशे की हालत में अक्सर तरह-तरह के आरोप लगाता रहता है। युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 14, 2026, 21:06 IST
ग्रेनो: 'बीजेपी नेता की वजह से आत्महत्या कर रहा हूं', कहकर टावर पर चढ़ गया युवक; घटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा #CityStates #Noida #GreaterNoidaNews #GreaterNoidaPolice #GreaterNoidaTowerRescue #YouthClimbedTheTower #BjpLeaderAccused #GreaterNoidaCase #SubahSamachar
