प्रयागराज : युवक ने यूजीसी पर पूछा सवाल, नाराज भाजपा पार्षद पर पीटने का आरोप

दारागंज परेड ग्राउंड में रविवार को प्रबुद्ध ब्राह्मण सम्मेलन में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के भाषण के दौरान यूजीसी के मुद्दे पर सवाल पूछने पर अल्लापुर के भाजपा पार्षद विनय मिश्रा पर युवक को पीटने और गला दबाकर जान से मारने के प्रयास का आरोप लगा है। पीड़ित युवक ने पार्षद के खिलाफ दारागंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। कोरांव के बड़ोखर निवासी रोहित कुमार तिवारी उर्फ काका के मुताबिक, सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मौजूद थे। उसने यूजीसी के मुद्दे पर डिप्टी सीएम से सवाल किया। आरोप है कि इससे नाराज पार्षद विनय मिश्रा ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी पिटाई की और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे बचाया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। सोमवार को पीड़ित ने दारागंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई। दारागंज थाना प्रभारी हरिकेश राय ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। वहीं, पार्षद विनय मिश्रा उर्फ सिट्टू ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि मारपीट नहीं हुई है। यह पूरा मामला प्रायोजित है। आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। बदनाम करने की साजिश के तहत इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पार्षद के खिलाफ लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। वीडियो को लेकर स्थानीय लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर घटना की निंदा करते हुए विरोध जताया जा रहा है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 03, 2026, 12:54 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




प्रयागराज : युवक ने यूजीसी पर पूछा सवाल, नाराज भाजपा पार्षद पर पीटने का आरोप #CityStates #Prayagraj #KeshavPrasadMaurya #UgcBill #PrayagrajNews #KeshavPrasadMauryaSon #SubahSamachar