Prayagraj : शादी की जिद पर टावर पर चढ़ी युवती, बोली- नहीं मानी बात तो कूद जाऊंगी
बुधवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। इस दौरान तीन युवकों ने जान जोखिम में डाल कर युवती को टावर से उतारा। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के बुढ़िया का इनारा बाजार में लगे एक मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती अपने प्रेमी से फोन पर बात करते हुए बार-बार यह कह रही थी कि अगर उसने शादी नहीं की तो वह कूदकर जान दे देगी। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवती को समझाने की कोशिश की लेकिन वह नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुई। हालात बिगड़ते देख भीड़ में मौजूद तीन युवकों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए टावर पर चढ़कर किसी तरह युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद पुलिस युवती को अपने साथ कोतवाली ले गई। जहां उससे पूछताछ में सामने आया कि 22 वर्षीय युवती सराय ममरेज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। उसका प्रेम प्रसंग अपनी ही बहन के देवर से चल रहा था। जिसने शादी का वादा किया था, लेकिन युवक के परिजनों ने एक ही परिवार की दो लड़कियों से शादी संभव नहीं, कह कर इस रिश्ते से इनकार कर दिया। इसी बात से आहत होकर युवती घर से निकल आई और यह खतरनाक कदम उठा लिया। कोतवाली प्रभारी फूलपुर का कहना है कि युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही हैं। उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 23, 2026, 17:08 IST
Prayagraj : शादी की जिद पर टावर पर चढ़ी युवती, बोली- नहीं मानी बात तो कूद जाऊंगी #CityStates #Prayagraj #Phulpur #MobileTower #PrayagrajNews #SubahSamachar
