UP: युवक की गला काटकर हत्या, हाथ की उंगली भी कटी मिली, आरोप- पल्सर सवार दोस्त घर से बुलाकर ले गए थे
फिरोजाबाद के थाना रामगढ़ क्षेत्र के उत्तम नगर सैलई निवासी एक युवक की चाकू से गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। सोमवार देर रात युवक का लहूलुहान शव गांव मिलिक में एक भट्ठे के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। परिजन ने मृतक के दो दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पहचान चंदन (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो फायर सेफ्टी का काम करता था। परिजन के अनुसार, सोमवार शाम चंदन बाजार से सब्जी और खीरा लेकर घर लौटा ही था, तभी मोहल्ले के रहने वाले उसके दो दोस्त तेजवीर और समीर उर्फ सुमीत पल्सर बाइक से वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों दोस्त उसे जबरदस्ती अपने साथ बुलाकर ले गए। जब देर रात तक चंदन घर नहीं लौटा, तो परिजन ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। देर रात गांव मिलिक में एक ईंट भट्ठे के सामने सड़क किनारे राहगीरों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मृतक के गले पर धारदार हथियार (चाकू) के गहरे निशान थे, सिर पर चोट थी और हाथ की उंगली भी कटी हुई थी। शिनाख्त होने पर जब परिजन को सूचना मिली, तो कोहराम मच गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला नशेबाजी के दौरान हुए विवाद का सामने आ रहा है। आशंका है कि शराब पीने के दौरान दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपियों ने चाकू से गला काटकर चंदन को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी तेजवीर और समीर के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। चंदन पांच भाइयों और छह बहनों में तीसरे नंबर का था। अभी कुछ समय पहले ही (दिवाली के आठ दिन बाद) उसके दूसरे नंबर के भाई मोनू की बीमारी से मौत हुई थी। चंदन सैलई में किराए के मकान में अपनी पत्नी शक्ति सागर, बेटे किट्टू और बेटी चारू के साथ रहता था। परिजन के आरोप और प्राथमिक जांच के आधार पर दो नामजद दोस्तों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रथम दृष्टया मामला नशे के दौरान हुए विवाद का लग रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं, जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा। - रविशंकर प्रसाद, एसपी सिटी
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 31, 2026, 21:04 IST
UP: युवक की गला काटकर हत्या, हाथ की उंगली भी कटी मिली, आरोप- पल्सर सवार दोस्त घर से बुलाकर ले गए थे #CityStates #Firozabad #CrimeNews #UpPolice #SubahSamachar
