World Updates: बांग्लादेश में राष्ट्रपति को फिर मिला प्रेस विंग; दक्षिण-पूर्वी ब्राजील में भीषण बाढ़, 25 मौत
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की नई सरकार ने मंगलवार को राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन के कार्यालय में दोबारा प्रेस विंग स्थापित कर दिया। राष्ट्रपति का प्रेस विंग इससे पहले अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस के कार्यकाल में समाप्त कर दिया गया था। लोक प्रशासन मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मोहम्मद सरवर आलम को बंगभवन राष्ट्रपति भवन में फिर से प्रेस सचिव नियुक्त किया गया है। वह कार्यभार संभालने की तारीख से एक वर्ष तक इस पद पर रहेंगे। सरवर आलम वर्ष 2024 में सत्ता परिवर्तन के समय भी प्रेस सचिव थे, लेकिन यूनुस की अंतरिम सरकार ने उनकी संविदा नियुक्ति को समाप्त कर दिया था। इसी के साथ राष्ट्रपति के उप-प्रेस सचिव और सहायक प्रेस सचिव के पद भी खत्म कर दिए गए थे। इसके अलावा, बंगभवन में करीब 30 वर्षों से कार्यरत दो फोटोग्राफरों को भी हटा दिया गया था। दक्षिण-पूर्वी ब्राजील में भीषण बाढ़, कम से कम 25 की मौत, सैकड़ों लोग विस्थापित ब्राजील के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में आई भीषण बाढ़ में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई है, जबकि दर्जनों लोग लापता बताए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार सबसे ज्यादा प्रभावित मिनास गेरैस प्रांत में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने आने वाले दिनों में और बारिश की चेतावनी दी है। मूसलाधार बारिश सोमवार को जुइज़ डी फोरा और उबा शहरों में शुरू हुई, जो रियो डी जनेरियो से लगभग 310 किलोमीटर उत्तर में स्थित हैं। भारी वर्षा के कारण करीब 440 लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। मिनास गेरैस के अग्निशमन विभाग ने बताया कि सोमवार देर रात से अब तक 43 लोग लापता हैं और उनकी तलाश जारी है। विभाग द्वारा जारी वीडियो में दोनों शहरों की जलमग्न सड़कें दिखाई गईं, जहां एक नदी ने अपना मार्ग बदल लिया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 25, 2026, 02:19 IST
World Updates: बांग्लादेश में राष्ट्रपति को फिर मिला प्रेस विंग; दक्षिण-पूर्वी ब्राजील में भीषण बाढ़, 25 मौत #World #International #WorldNewsInHindi #WorldHindiNews #WorldNews #WorldUpdates #AsiaNews #Pakistan #China #Europe #SubahSamachar
