Panipat News: श्रमिकों का सुरक्षाबलों पर पथराव, पुलिस ने भांजी लाठी

पानीपत। इंडियन ऑयल की पानीपत रिफाइनरी में निर्माणाधीन प्रोजेक्ट पी-25 प्रोजेक्ट पर काम कर रहे श्रमिकों और पुलिस के बीच तीसरे दिन बुधवार को सुबह करीब नौ बजे फिर से टकराव हो गया। श्रमिकों ने गेट-3 पर सुबह ही अपनी मांगों को लिखित में देने की मांग के समर्थन में जाम लगा दिया था। पुलिस ने श्रमिकों पर लाठी भांजी। इसमें तीन-चार श्रमिक जख्मी हो गए और दो पुलिसकर्मियों को चोट लगी। अधिकारियों के साथ तीन घंटे वार्ता के बाद श्रमिकों की सभी मांगों को लिखित में दिया गया। इसके बाद श्रमिक माने और वीरवार को काम पर लौटने का भरोसा दिया। धरने के दाैरान प्रोजेक्ट निर्माण कार्य में लगी सभी कंपनियों ने लिखित में दिया कि ड्यूटी का समय आठ घंटे रहेगा, कार्यस्थल पर सभी मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी। मांग पूरी न करने वाले ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ब्लैक लिस्ट किया जाएगा। इसके पूर्व रिफाइनरी के पी-25 प्रोजेक्ट पर काम कर रहे 11 अलग-अलग कंपनियों के 30 हजार से अधिक श्रमिकों ने ड्यूटी का समय आठ घंटे करने, कार्यस्थल पर मूलभूत सुविधाओं की मांग करते हुए सोमवार को प्रदर्शन किया था। इसके बाद श्रमिकों और सीआईएसएफ के बीच टकराव होने पर हिंसा भड़क उठी थी। श्रमिकों ने रिफाइनरी में तोड़ फोड़ कर दी थी। प्रशासनिक अधिकारियों ने मंगलवार को बैठक कर उनकी मांगों मान लिया था। श्रमिक बुधवार को लिखित में देने की जिद पर अड़ गए। श्रमिक बुधवार सुबह करीब आठ बजे गेट-3 पर पहुंच गए। उन्होंने गेट नंबर-3 की सड़क को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने श्रमिकों को सड़क से हटने को कहा तो श्रमिक भड़क गए और पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने जवाब में बल प्रयोग कर श्रमिकों को खदेड़ दिया। इस दौरान लाठी लगने से श्रमिक धर्मेश के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। वहीं दो-तीन श्रमिक भी जख्मी हो गए। दो पुलिसकर्मियों को भी हल्की चोट लगी। एक घंटे तक चले बवाल के बाद श्रमिक फिर शांतिपूर्ण तरीके से धरने पर बैठ गए। उन्होंने अधिकारियों से बात की। तीन घंटे तक चली वार्ता के बाद करीब 12 बजे रिफाइनरी के मुख्य एचआर हेड आशुतोष पांडेय, एसडीएम मनदीप कुमार, डीएसपी राजबीर सिंह व नरेंद्र कादियान ने श्रमिकों से बात की। श्रमिकों का प्रतिनिधित्व कर रहे छोटू ने बताया कि उनकी मांगों को लिखित में मान लिया गया है। श्रमिक वीरवार को काम पर आएंगे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 26, 2026, 03:00 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Panipat News: श्रमिकों का सुरक्षाबलों पर पथराव, पुलिस ने भांजी लाठी #WorkersPeltedStonesAtSecurityForces #PoliceResortedToLathiCharge. #SubahSamachar