Report: भारत में AI जॉब्स में बढ़ रही महिलाओं की भागीदारी, नई नौकरियों में 31% पद महिलाओं के नाम
हाल ही में एंथ्रोपिक (Anthropic) जैसी बड़ी टेक कंपनियों के शोध में यह दावा किया गया था कि एआई आने से महिलाओं की नौकरियों पर सबसे ज्यादा खतरा मंडरा रहा है। लेकिन भारतीय हायरिंग फर्म्स के ताजा आंकड़े कुछ और ही कह रहे हैं। भारत में एआई और भविष्य की नई तकनीकों में पैदा होने वाले हर 100 में से 31 पदों पर महिलाएं नियुक्त हो रही हैं। टैलेंट प्लेटफॉर्म इंस्टाहायर (Instahyre) के मुताबिक, पिछले साल एआई नौकरियों में महिलाओं की हिस्सेदारी 26% थी, जो अब बढ़कर 31% हो गई है। महिलाएं केवल साधारण काम ही नहीं, बल्कि डेटा एनालिटिक्स, डिजाइन इंजीनियरिंग, आरएंडडी (RD), प्रोडक्ट मैनेजमेंट और क्वालिटी एश्योरेंस जैसे दिमाग और बारीकी वाले कामों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। कैंपस हायरिंग ने बदली तस्वीर भारतीय टेक वर्कफोर्स में महिलाओं की कुल भागीदारी लगभग 36% है। एंट्री लेवल नौकरियों में यह आंकड़ा 35% के करीब है, जिसका सबसे बड़ा श्रेय इंजीनियरिंग कॉलेजों में होने वाली कैंपस प्लेसमेंट को जाता है। कंपनियां अब लिंग भेदभाव को खत्म कर प्रतिभा को तवज्जो दे रही हैं। वरिष्ठ पदों पर अब भी कम महिलाएं भले ही करियर की शुरुआत में महिलाएं काफी आगे हैं, लेकिन टॉप लेवल यानी लीडरशिप तक पहुंचते-पहुंचते यह संख्या काफी कम हो जाती है। आंकड़ों के मुताबिक, नेतृत्व पदों पर महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 23% है, जबकि टॉप एग्जीक्यूटिव पदों पर यह घटकर लगभग 17% रह जाती है। टेक इंडस्ट्री में अब भी मौजूद है प्रोग्रेशन गैप इंस्टाहायर के चीफ बिजनेस ऑफिसर सर्बोजीत मल्लिक का कहना है कि टेक इंडस्ट्री में एक स्पष्ट संरचनात्मक अंतर अभी भी मौजूद है। उनके अनुसार, टेक सेक्टर में आने वाले लगभग हर तीन में से एक पेशेवर महिला होती है, लेकिन चार में से एक से भी कम महिलाएं नेतृत्व स्तर तक पहुंच पाती हैं। यह स्थिति बताती है कि भारत के टेक टैलेंट पाइपलाइन में महिलाओं के लिए आगे बढ़ने की चुनौती अब भी बनी हुई है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 09, 2026, 01:19 IST
Report: भारत में AI जॉब्स में बढ़ रही महिलाओं की भागीदारी, नई नौकरियों में 31% पद महिलाओं के नाम #TechDiary #National #TechNewsHindi #AiJobs #ItSector #SubahSamachar
