Panipat News: एमटीपी किट के इस्तेमाल से महिला की तबीयत बिगड़ी

पानीपत। थाना सेक्टर-29 क्षेत्र निवासी महिला ने गर्भपात के लिए फ्लोरा चौक स्थित मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित एमटीपी (मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेगनेंसी) किट लेकर खा ली। महिला की तबीयत खराब होने पर उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद इसका खुलासा हुआ। निजी चिकित्सक की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तुरंत ही पूरे मामले की जांच की। जांच में पता चला कि महिला ने मेडिकल स्टोर से 1700 रुपये में एमटीपी किट लेकर खाई थी। सिविल सर्जन डॉ. विजय मलिक की शिकायत पर मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ थाना सेक्टर-29 में प्राथमिकी दर्ज कराई है।शिकायत के अनुसार, चार अगस्त को स्वास्थ्य विभाग को सेक्टर-29 क्षेत्र के एक निजी अस्पताल से सूचना मिली कि एक महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला को अधिक ब्लीडिंग हो रही है। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसने गर्भपात के लिए एमटीपी किट का सेवन किया है। निजी चिकित्सक ने इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दे दी। जिसके बाद पीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. अभय ननद वत्स, डॉ. ललित कुंडू के साथ सीएचसी नौल्था से डॉ. ज्योति दहिया और ड्रग कंट्रोल ऑफिसर विजय राजे की टीम ने जांच की।जांच में पता चला कि महिला करीब 10 सप्ताह पांच दिन की गर्भवती थी। गर्भपात के लिए महिला ने फ्लोरा चौक स्थित एम के मेडिकल स्टोर से 1700 रुपये में किट खरीदकर सेवन किया था। टीम ने निरीक्षण किया तो पता चला कि मेडिकल स्टोर का संचालन मंजीत कर रहा है। इसकी रिपोर्ट सिविल सर्जन डॉ. विजय मलिक को सौंपी गई। उन्होंने एसपी को पत्र लिखकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। सेक्टर-29 थाना पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक मंजीत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 12, 2026, 02:48 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Panipat News: एमटीपी किट के इस्तेमाल से महिला की तबीयत बिगड़ी #Woman'sHealthDeterioratedAfterUsingAnMTPKit. #SubahSamachar