Meerut News: योग एक्सप्रेस से कटकर महिला की मौत, भीड़ में खड़े पति ने की पहचान
मेरठ। टीपीनगर थाना क्षेत्र के पुट्ठा गांव स्थित रेलवे फाटक संख्या 23 सी पर सोमवार सुबह एक दुखद हादसा हुआ। मंदिर से पूजा कर घर लौट रही राजेश्वरी (48) योग एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गईं जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ के बीच मौजूद महिला के पति राजेश कुमार ने रेलवे ट्रैक पर पड़े शव और कपड़ों से अपनी पत्नी राजेश्वरी की शिनाख्त की। यह मंजर देखकर सभी भावुक हो गए।मूल रूप से बुलंदशहर के डबी गांव निवासी राजेश कुमार अपनी पत्नी राजेश्वरी और दो बेटों दिवाकर व विवेक के साथ पूठा रोड पर किराए के मकान में रहते थे और पास में राधा रानी नाम से नर्सरी चलाते थे। सोमवार सुबह राजेश्वरी पास के शिव मंदिर में पूजा के लिए गई थीं। वापसी के दौरान रेलवे फाटक बंद थे जिस पर राजेश्वरी ने फाटक के नीचे से निकलकर रेलवे ट्रैक पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान वह दिल्ली से ऋषिकेश जा रही योग एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई। ट्रेन की भीषण टक्कर के कारण राजेश्वरी का शव क्षत-विक्षत हो गया और उसके टुकड़े रेलवे ट्रैक पर कई मीटर दूर तक फैल गए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। महिला के पति राजेश कुमार ने कपड़ों से पहचान कर पत्नी की शिनाख्त की। रेलवे फाटक के गेटमैन ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पहुंची टीपीनगर पुलिस और सामाजिक संस्था के लोगों ने मिलकर महिला के क्षत-विक्षत शव को एकत्र किया। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। राजेश कुमार ने बताया कि राजेश्वरी रोजाना सुबह मंदिर में पूजा के लिए जाती थीं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jan 28, 2026, 03:13 IST
Meerut News: योग एक्सप्रेस से कटकर महिला की मौत, भीड़ में खड़े पति ने की पहचान #WomanDiesAfterBeingHitByYogaExpress #HusbandIdentifiesHerInCrowd #SubahSamachar
