Una News: घर-घर जाकर मतदाताओं का आभार जता रहे विजयी उम्मीदवार

गगरेट (ऊना)। पंचायतीराज चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद विजयी उम्मीदवार अब अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं का धन्यवाद कर रहे हैं। ग्राम पंचायत प्रधान, उपप्रधान, वार्ड पंच, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य प्रचार के दौरान किए गए वादों को दोहराते हुए जनता के विश्वास पर खरा उतरने का भरोसा भी दिला रहे हैं। चुनाव परिणाम आने के कई दिन बाद भी बधाइयों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। विजयी उम्मीदवारों के घरों और कार्यालयों में समर्थकों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों का लगातार आना-जाना लगा हुआ है। कई स्थानों पर लोगों द्वारा फूलमालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर अपने पसंदीदा उम्मीदवारों का स्वागत किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से लेकर देर शाम तक विजयी उम्मीदवार मतदाताओं से मुलाकात कर रहे हैं। विजयी प्रतिनिधियों का कहना है कि यह जीत केवल उनकी नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता की जीत है। उन्होंने आश्वासन दिया कि चुनावी वादों को पूरा करने और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जाएगा। वहीं चुनाव हारने वाले कई उम्मीदवार भी मतदाताओं का धन्यवाद करते हुए भविष्य में जनता की सेवा जारी रखने की बात कह रहे हैं। चुनावी शोर-शराबे और प्रचार अभियान समाप्त होने के बाद अब गांवों में धन्यवाद दौर शुरू हो गया है। ऐसे में चुनावी प्रतिस्पर्धा की जगह अब सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिल रहा है। गगरेट अपर पंचायत की नवनियुक्त प्रधान नीलम कुमारी व उपप्रधान आशीष शर्मा ने बताया कि गांव की प्रबुद्ध जनता ने उन्हें अपना भरपूर आशीर्वाद दिया है। उन्होंने जनता के इस विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 03, 2026, 00:00 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: घर-घर जाकर मतदाताओं का आभार जता रहे विजयी उम्मीदवार #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar