Ujjain News: अर्चना चिटनिस का कांग्रेस पर करारा वार, बोलीं- अब तलवार मांजकर खड़ी है देश की बेटी
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस ने 'महिला जन आक्रोश' विषय पर मीडिया से चर्चा करते हुए कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब-जब महिलाओं का अपमान हुआ है, अपमान करने वालों का पतन निश्चित हुआ है। हाल ही में लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े घटनाक्रम को लेकर उन्होंने कांग्रेस को 'काले अंग्रेज' की संज्ञा देते हुए कहा कि देश की मातृशक्ति अब इस अन्याय के खिलाफ लड़ने को पूरी तरह तैयार है। 'जाति और धर्म के नाम पर आरक्षण रोकने की साजिश' अर्चना चिटनिस ने आरोप लगाया कि जब भाजपा सरकार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कर रही थी, तब विपक्षी दल जाति और मुस्लिम आरक्षण का बहाना बनाकर इस ऐतिहासिक कदम को रोकने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा, "महिला तो महिला है, इसमें जाति और धर्म को बीच में लाना केवल एक फरेब है। विपक्षी दलों का असल मकसद यह है कि देश की आम बेटी को अवसर न मिले और केवल उनके परिवारों की बेटियां ही राज करती रहें।" उन्होंने बिल गिरने के बाद विपक्ष द्वारा मनाए गए जश्न को महिलाओं के प्रति उनकी क्रूरता और दुष्टता करार दिया। विपक्षी गठबंधन को बताया 'एंटी वूमन एलायंस' पूर्व मंत्री ने कांग्रेस, डीएमके और उनके सहयोगियों के गठबंधन को 'एंटी वूमन एलायंस' (महिला विरोधी गठबंधन) करार दिया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति अधिनियम को प्रभावी बनाने वाले संविधान संशोधन विधेयक को रोककर विपक्ष ने अपनी वास्तविक मानसिकता उजागर कर दी है। चिटनिस के अनुसार, यह केवल एक विधेयक को रोकना नहीं, बल्कि करोड़ों महिलाओं के अधिकारों और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करना है। उन्होंने सवाल उठाया कि लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी को टालना क्या न्यायसंगत है मणिपुर और हाथरस की घटनाओं पर विपक्ष को घेरा मणिपुर और हाथरस जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए अर्चना चिटनिस ने कहा कि ऐसी घटनाएं दुखद हैं और सरकार व सेना इन परिस्थितियों से पूरी मजबूती से लड़ रही है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या इन दुर्घटनाओं का नाम लेकर महिला आरक्षण को रोकना सही है विपक्ष का तर्क है कि ऐसी घटनाएं हो रही हैं, इसलिए महिलाओं को पार्लियामेंट या असेंबली में नहीं होना चाहिए, जो पूरी तरह निराधार है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अब देश की महिला अपनी तलवार मांजकर और कमर में ढाल लगाकर इस 'काले अंग्रेज' रूपी कांग्रेस से लड़ने के लिए तैयार बैठी है। पढ़ें:11 साल के मासूम का बेरहमी से कत्ल, घर के नीले ड्रम में छिपाया हुआ था शव; पूरे इलाके में दहशत दिग्गज नेताओं की उपस्थिति में हुई पत्रकार वार्ता इस महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता के दौरान निगम सभापति कलावती यादव, विधायक अनिल जैन, शहर अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता मौजूद रहे। अर्चना चिटनिस ने अंत में दोहराया कि विपक्ष का जश्न हर उस महिला का अपमान है जो देश के नीति निर्धारण में अपनी भूमिका देखना चाहती है। भाजपा अब इस विषय को लेकर जनता के बीच जाएगी और विपक्षी गठबंधन के महिला विरोधी चेहरे को बेनकाब करेगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 21, 2026, 16:02 IST
Ujjain News: अर्चना चिटनिस का कांग्रेस पर करारा वार, बोलीं- अब तलवार मांजकर खड़ी है देश की बेटी #CityStates #MadhyaPradesh #Ujjain #MpNews #MpNewsInHindi #SubahSamachar
